सुरक्षाबलों के ट्रक पर नक्सलियों ने किया आईईडी ब्लास्ट, 2 जवान शहीद
छत्तीसगढ़ के सुकमा में नक्सलियों द्वारा सुरक्षाबलों के ट्रक पर किए गए आईईडी ब्लास्ट में दो जवान शहीद हो गए। शहीद जवानों के नाम विष्णु आर और शैलेंद्र बताए जा रहे हैं। वहीं, बताया जा रहा है कि बाकी सभी जवान सुरक्षित हैं।
शहीद जवानों के शवों को मौके से निकाला जा रहा है और घटना की जानकारी जवानों के परिजनों को दे दी गई है। बता दें नक्सलियों ने सुरक्षा बलों को नुकसान पहुंचाने की नीयत से कैंप सिलगेर से टेकलगुडेम जाने वाले रास्ते पर आईईडी लगाया था, जिसकी चपेट में 201 कोबरा वाहिनी का ट्रक आ गया।
जानकारी के मुताबिक, जगरगुंडा थाना क्षेत्र के कैंप सिलगेर से 201 कोबरा वाहिनी का अग्रिम दल आरओपी ड्यूटी के दौरान ट्रक और बाइक से कैंप टेकलगुडेम की ओर जा रहा था। मूवमेंट के दौरान रविवार दोपहर करीब 3 बजे 201 कोबरा वाहिनी का ट्रक आईईडी की चपेट में आ गया, जिसमें चालक और सह चालक मौके पर ही शहीद हो गए।