Loading...

हिमाचल के आर्थिक संकट पर माकपा ने खोला मोर्चा, केंद्र और प्रदेश सरकार की नीतियों के खिलाफ तेज होगा संघर्ष

Shailesh Saini • 1 Hour Ago • 1 Min Read

राजस्व घाटा अनुदान और विशेष राज्य का दर्जा बहाल करने की उठाई मांग, शिक्षा-स्वास्थ्य और बिजली के निजीकरण का विरोध, 20 दिसंबर को बूथ स्तर पर लगेगी जनता की अदालत

हिमाचल नाऊ न्यूज़ | शिमला

हिमाचल प्रदेश के बढ़ते कर्ज, बिगड़ती आर्थिक स्थिति, चरमराती स्वास्थ्य एवं शिक्षा सेवाओं तथा किसानों-बागवानों के लंबित भुगतान को लेकर भारत की कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) ने केंद्र और प्रदेश सरकार की नीतियों के खिलाफ संघर्ष तेज करने का ऐलान किया है। पार्टी ने केंद्र सरकार से राजस्व घाटा अनुदान (आरडीजी) और हिमाचल प्रदेश का विशेष राज्य का दर्जा तत्काल बहाल करने की मांग उठाई है।

शिमला में 24 और 25 नवंबर को आयोजित माकपा की दो दिवसीय बैठक में प्रदेश की राजनीतिक, आर्थिक एवं सामाजिक परिस्थितियों पर विस्तार से मंथन किया गया। बैठक की अध्यक्षता कामरेड ओंकार शाद ने की। इस दौरान पोलित ब्यूरो सदस्य कामरेड विजय राघवन ने केंद्रीय कमेटी की बैठक की रिपोर्ट प्रस्तुत की, जबकि राज्य सचिव कामरेड संजय चौहान ने प्रदेश की राजनीतिक परिस्थितियों और संगठनात्मक गतिविधियों की रिपोर्ट रखी।

माकपा ने प्रदेश पर एक लाख करोड़ रुपये से अधिक का कर्ज होने का दावा करते हुए आर्थिक परिस्थितियों पर गंभीर चिंता जताई। पार्टी ने राजकोषीय उत्तरदायित्व एवं बजट प्रबंधन (एफआरबीएम) की रिपोर्ट का हवाला देते हुए कहा कि वित्त वर्ष 2026-27 में प्रदेश का अनुमानित राजकोषीय घाटा 9,698.03 करोड़ रुपये से बढ़कर 13,836.84 करोड़ रुपये तक पहुंचने की संभावना है।

यानी बजट अनुमान से 4,138.81 करोड़ रुपये अधिक घाटा हो सकता है। सकल राज्य घरेलू उत्पाद के अनुपात में भी इसके 3.49 प्रतिशत से बढ़कर 4.99 प्रतिशत तक पहुंचने की आशंका है।पार्टी ने कहा कि आर्थिक संकट का हवाला देकर सरकार कर्मचारियों, पेंशनरों और किसानों के करोड़ों रुपये के लंबित भुगतान करने में असमर्थता जता रही है।

वहीं, खाद्य पदार्थों की बढ़ती कीमतों और बेरोजगारी ने आम जनता की मुश्किलें बढ़ा दी हैं।माकपा ने प्रदेश सरकार की शिक्षा नीति पर भी गंभीर सवाल उठाए। पार्टी ने दावा किया कि प्रदेश में अब तक 1,526 स्कूल बंद किए जा चुके हैं, जबकि 151 स्कूलों को सीबीएसई से संबद्ध किया गया है।

सरकारी स्कूलों में 12 हजार से अधिक पद रिक्त हैं, जबकि सीबीएसई से संबद्ध स्कूलों में करीब 45 प्रतिशत शिक्षकों के पद खाली पड़े हैं। पार्टी ने राष्ट्रीय शिक्षा नीति का विरोध करते हुए शिक्षकों के रिक्त पदों को तत्काल भरने की मांग रखी है।

स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर भी माकपा ने प्रदेश सरकार को कटघरे में खड़ा किया। पार्टी के अनुसार आईजीएमसी शिमला, एम्सएसएस चमियाना और टांडा सहित विभिन्न स्वास्थ्य संस्थानों में डॉक्टरों, नर्सों और पैरामेडिकल स्टाफ के सैकड़ों पद रिक्त हैं। सीटी स्कैन, एमआरआई और अन्य जांच सुविधाएं सुचारू रूप से उपलब्ध नहीं हो पा रही हैं।

पार्टी ने रोबोटिक सर्जरी का शुल्क बढ़ाकर 60 हजार और 80 हजार रुपये किए जाने, एक्स-रे पर शुल्क लगाए जाने तथा हिमकेयर योजना के संचालन में निजी कंपनी की भागीदारी का भी विरोध किया।बिजली क्षेत्र में स्मार्ट मीटर लगाने, सब्सिडी समाप्त करने और बिजली बोर्ड की विभिन्न सेवाओं को आउटसोर्स करने की नीति का विरोध करते हुए माकपा ने आरोप लगाया कि सरकार बिजली क्षेत्र को निजीकरण की ओर धकेल रही है।

बैठक में प्रदेश के कृषि एवं बागवानी संकट पर भी गंभीर चिंता जताई गई। पार्टी ने दावा किया कि इस वर्ष अब तक करीब 1.47 करोड़ पेटी सेब का उत्पादन हुआ है, जो पिछले 15 वर्षों में सबसे कम है। वहीं, मंडी मध्यस्थता योजना (एमआईएस) के तहत बागवानों का करीब 125 करोड़ रुपये का भुगतान लंबित है।

माकपा ने सरकार से बागवानों के बकाया भुगतान की मांग करते हुए न्यूजीलैंड और अमेरिका के साथ मुक्त व्यापार समझौतों को लेकर भी चिंता जताई।

माकपा ने मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) का विरोध करते हुए इसे हिमाचल प्रदेश में लागू नहीं करने की मांग की है। पार्टी ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने और उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग को लेकर चलाए जा रहे आंदोलन का भी समर्थन किया है।

राज्य सचिव संजय चौहान ने बताया कि पार्टी 26 नवंबर को संविधान दिवस और 10 दिसंबर को मानवाधिकार दिवस के अवसर पर प्रदेशभर में कार्यक्रम आयोजित करेगी। इसके अलावा 20 दिसंबर को बूथ स्तर पर जनता की अदालत लगाकर एसआईआर रद्द करने और मुख्य चुनाव आयुक्त को पद से हटाने की मांग संबंधी प्रस्ताव पारित किए जाएंगे। आगामी 26 जनवरी 2027 को गणतंत्र दिवस पर भी विशेष कार्यक्रम आयोजित होंगे।