Loading...

सैनवाला स्कूल में विद्यार्थियों को हस्तशिल्प में दक्ष बनाएंगे मास्टर शिल्पकार

Shailesh Saini • 1 Hour Ago • 1 Min Read

केंद्रीय वस्त्र मंत्रालय की पहल पर तीन दिवसीय प्रशिक्षण शुरू, कौशल विकास और स्वरोजगार पर रहेगा जोर

हिमाचल नाऊ न्यूज़ | नाहन

जिला सिरमौर के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय सैनवाला में विद्यार्थियों के कौशल विकास एवं पारंपरिक हस्तशिल्प को बढ़ावा देने के उद्देश्य से गुरुवार को तीन दिवसीय शिल्प प्रदर्शन एवं जागरूकता कार्यक्रम का आगाज हुआ।

भारत सरकार के वस्त्र मंत्रालय के अधीन विकास आयुक्त (हस्तशिल्प) कार्यालय के हस्तशिल्प सेवा केंद्र कुल्लू के सौजन्य से आयोजित इस कार्यक्रम में चार विशेषज्ञ शिल्पकार विद्यार्थियों को विभिन्न विधाओं में व्यावहारिक प्रशिक्षण दे रहे हैं।

यह कार्यक्रम 28 नवंबर तक चलेगा।कार्यशाला के दौरान विद्यार्थियों को लघु चित्रकला, हस्त बुनाई, मिट्टी की कलाकृतियां तथा चीड़ की पत्तियों से हस्तशिल्प उत्पाद तैयार करने की तकनीक से अवगत करवाया जा रहा है।

मास्टर शिल्पकार संयोगिता ठाकुर लघु चित्रकला, सुमन हस्त बुनाई, पुनीत मिट्टी से कलात्मक एवं सजावटी वस्तुएं बनाने तथा अंजना चीड़ की पत्तियों से उपयोगी उत्पाद तैयार करने का प्रशिक्षण दे रही हैं।

वहीं, विद्यालय के प्रधानाचार्य अयूब खान ने कहा कि वर्तमान दौर में शैक्षणिक योग्यता के साथ कौशल विकास भी बेहद जरूरी है। विद्यार्थियों को स्कूली शिक्षा के दौरान ही व्यावसायिक एवं पारंपरिक कलाओं का प्रशिक्षण दिया जाना उनके भविष्य को संवारने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश की पारंपरिक शिल्प कलाओं में स्वरोजगार की व्यापक संभावनाएं हैं। जरूरत इन कलाओं को नई पीढ़ी तक पहुंचाने और स्थानीय संसाधनों के बेहतर इस्तेमाल के प्रति विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करने की है। इस तरह के कार्यक्रम विद्यार्थियों में उद्यमिता की भावना विकसित करने के साथ पारंपरिक कलाओं के संरक्षण में भी सहायक सिद्ध होंगे।

प्रधानाचार्य ने विद्यालय में इस कार्यक्रम के आयोजन के लिए हस्तशिल्प सेवा केंद्र कुल्लू का आभार व्यक्त किया।कार्यक्रम के संचालन एवं समन्वय में हस्तशिल्प सेवा केंद्र कुल्लू के अवर श्रेणी लिपिक पंकज सहित केंद्र के अन्य कर्मचारियों तथा विद्यालय स्टाफ का विशेष सहयोग रहा।