Loading...

सुशासन सूचकांक में प्रथम आने पर जिला को मिली पुरस्कार राशि की पहली किश्त

PRIYANKA THAKUR • 24 Jan 2023 • 1 Min Read

उपायुक्त ने बैठक कर विभागों को दिए पैसे के सदुपयोग के निर्देश

HNN / कांगड़ा

जिला सुशासन सूचकांक में जिला कांगड़ा को प्रदेश में वर्ष 2021 के लिए प्रथम पुरस्कार प्राप्त हुआ था। प्रथम पुरस्कार में मिलने वाले 50 लाख में से 12 लाख 50 हजार की पहली किश्त जिला प्रशासन को प्राप्त हो गई है। डीसी कांगड़ा डॉ. निपुण जिंदल ने उपायुक्त कार्यालय में प्राप्त राशि के सदुपयोग के लिए विभिन्न विभागाध्यक्षों के साथ आयोजित बैठक की अध्यक्षता करते हुए यह जानकारी दी।

उन्होंने प्राप्त धनराशि के सदुपयोग के लिए विभिन्न विभागों को समन्वय बनाकर कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने प्राप्त राशि को जलशक्ति विभाग, डीआरडीए, जिला सूचना कार्यालय समेत अन्य कार्यालयों को आवश्यकता अनुसार देने के निर्देश दिए। बता दें, जिला सुशासन सूचकांक की रिपोर्ट 8 मुख्य विषयों, 19 फोकल बिन्दुओं और 76 संकेतकों पर एकत्रित डाटा के आधर पर तैयार की गई थी। डीसी ने कहा कि जिले को यह सम्मान मिलना पूरी टीम के प्रयासों का परिणाम है।

उन्होंने कहा कि इसकी रिपोर्ट के आधार पर जिला प्रशासन और विभिन्न विभागों द्वारा अपनी कार्यप्रणाली में और सुधार के लिए आवश्यक कदम भी उठाये जा सकेंगे। उन्होंने जिला के समस्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों को बेहतर प्रशासन प्रदान करने के लिये निरंतर बेहतर कार्य करते रहने का आहवान किया, ताकि जिला की उच्च रैंकिंग को बरकरार रखा जा सके।