सूखी ठंड ने बढ़ाई लोगों की परेशानियां, ज्यादातर बच्चे और बुजुर्ग बीमार
HNN / ऊना
बारिश न होने के चलते सूखी ठंड से लोगों को बीमारियों ने घेरना शुरू कर दिया है। ज्यादातर बच्चे और बुजुर्ग इस सूखी ठंड के चलते वायरल की चपेट में आ रहे है। वायरल से ग्रसित मरीजों में खांसी, जुकाम, गले में दर्द, बुखार, बदन दर्द, सिर दर्द शरीर में अकडन की शिकायत देखने को मिल रही है।
जिसके चलते वर्तमान में क्षेत्रीय अस्पताल ऊना में रोजाना 30 से 40 मरीज बुखार, सर्दी, जुकाम, गले में दर्द, खांसी, सिर दर्द की शिकायत लेकर अस्पताल में पहुंच रहे हैं। जिले के अन्य अस्पतालों में वायरल से संबंधित मामले रोजाना ओपीडी में पहुंच रहे हैं। डाक्टरों की मानें तो जब तक बारिश नहीं होती, तब तक सूखी ठंड से लोग बीमारियों से ग्रसित बने रहेंगे।
जिला अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक ने बताया कि खुश्क ठंड की वजह से बुजुर्गों को ज्यादा तकलीफ होती है। इससे बचने के लिए सुबह शाम हल्की सर्दी के बीच हल्के गर्म कपड़ों का प्रयोग करें। बुखार व शरीर में जकड़न होने पर तुरंत अस्पताल में जाकर जांच करवाएं। खान पान में संतुलित आहार लें।