Loading...

सेब कटान के फैसले के खिलाफ नौहराधार से भी शिमला कूच करेंगे किसान , स्मार्ट मीटर का भी कड़ा विरोध

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 26 Jul 2025 • 1 Min Read

हिमाचल हाईकोर्ट के फैसले और स्मार्ट मीटरों की नीति के खिलाफ किसान सभा ने आंदोलन तेज कर दिया है। 29 जुलाई को शिमला सचिवालय घेराव में नौहराधार से 28 किसान होंगे शामिल।

नौहराधार

किसान सभा ने की रणनीति तय, 28 किसान जाएंगे शिमला

किसान सभा की नौहराधार इकाई ने शुक्रवार को एक महत्वपूर्ण बैठक कर सेब कटान और बेदखली से जुड़े फैसलों के खिलाफ सचिवालय घेराव की रणनीति तय की। अध्यक्ष दिनेश कुमार की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में किसान सभा के राज्य उपाध्यक्ष राजेंद्र ठाकुर, जिला उपाध्यक्ष गुरविंदर सिंह गोपी और धनीराम शर्मा मौजूद रहे।

राजेंद्र ठाकुर बोले – 5 बीघा कब्जा बहाल हो, तभी मिलेगा न्याय

राजेंद्र ठाकुर ने कहा कि हिमाचल हाईकोर्ट द्वारा सेब कटान और बेदखली के फैसले ने किसानों के अधिकारों पर चोट पहुंचाई है। किसान सभा की मांग है कि जिनके पास 5 बीघा तक की जमीन है, उन्हें कब्जा बहाल किया जाए। इसी मांग को लेकर किसान 29 जुलाई को शिमला में सचिवालय का घेराव करेंगे।

स्मार्ट मीटर पर जताई तीव्र आपत्ति, बोझ बढ़ाने का आरोप

किसान सभा ने राज्यभर में लगाए जा रहे स्मार्ट बिजली मीटरों का भी विरोध किया। किसानों का कहना है कि ये मीटर आम जनता पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डालेंगे और बिजली के बिल अनावश्यक रूप से बढ़ जाएंगे। ठाकुर ने चेतावनी दी कि किसान सभा इन मुद्दों पर प्रदेशव्यापी आंदोलन को और तेज करेगी।