Loading...

सैंज में इस दिन से शुरू होगा जिला स्तरीय मेला….

PARUL • 5 Apr 2024 • 1 Min Read

HNN/कुल्लू

जिला कुल्लू के सैंज में 3 से 7 मई तक जिला स्तरीय मेला मनाया जाएगा। मेले की महत्वपूर्ण बैठक उपमंडल अधिकारी बंजार पंकज शर्मा की अध्यक्षता में हुई। इसमें घाटी के पंचायत प्रतिनिधियों सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया। उन्होंने कहा कि सैंज मेले को पूरे धार्मिक श्रद्धा एवं रीति रिवाज के साथ मनाया जाएगा।

मेले में विभिन्न प्रकार के खेलों का आयोजन भी किया जाएगा। इसके साथ-साथ सांस्कृतिक कार्यक्रमों के अलावा पहाड़ी नाटी भी होगी। एसडीएम पंकज शर्मा ने कहा कि स्कूल और कॉलेज में बच्चों की पढ़ाई एवं परीक्षाओं से जुड़े कार्यक्रम करवाएं जाएंगे। उन्होंने स्कूल, कॉलेज के छात्र-छात्राओं, महिला मंडल, युवक मंडल, स्थानीय एवं जिले के कलाकारों को प्राथमिकता देने के बारे में चर्चा की।

मेला कमेटी के अध्यक्ष राजेश शर्मा ने कहा कि आचार संहिता लागू होने के कारण इस वर्ष मेले के स्वरूप को थोड़ा बदला जा रहा है। उन्होंने कहा कि जिला स्तरीय मेले को सफल बनाने के लिए विभिन्न कमेटियों का गठन कर दिया गया है। व्यापारियों को कोई परेशानी न हो इसके लिए कमेटी की ओर से उचित दामों पर प्लॉट उपलब्ध करवाए जाएंगे।

उन्होंने कहा कि मेले में साफ सफाई का विशेष ध्यान रखा जाएगा और जगह-जगह पर कूड़ेदान स्थापित किए जाएंगे। मेले में पधारने वाले देवी-देवताओं की सुरक्षा और आस्था को कोई ठेस न पहुंचे, इसके लिए मेला कमेटी पूरा सहयोग करेगी।