सैंज में पिन पार्वती नदी पर बनाई कृत्रिम झील में डूबने से युवक की मौत
HNN/कुल्लू
जिला कुल्लू में पिन पार्वती नदी पर ड्रेजिंग कार्य के दौरान सैंज एनएचपीसी आवासीय कालोनी के सामने तैयार की गई कृत्रिम झील में डूबने से एक युवक की मौत हो गई है। मृतक की पहचान ओम प्रकाश पुत्र डेहरू राम निवासी गांव शारन तहसील सैंज के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बंजार अस्पताल में भेज दिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सैंज औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान के 2 प्रशिक्षु यहां से नदी पार रहे थे। तेज धूप में भारी गर्मी के कारण झील में नहाने के लिए चले गए। झील गहरी होने के कारण ओम प्रकाश पानी में डूब गया। जब वह काफी देर तक बाहर नहीं आया तो उसके साथी मनीष सिंह निवासी गांव हलान तहसील मनाली ने इसकी जानकारी अपने मित्रों और पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही थाना सैंज से पुलिस की एक टीम मौके पर पहुंची। साथ ही सैंज बाजार तथा समीप के गांव बक्शाहाल से काफी संख्या में लोग घटनास्थल पर पहुंच कर युवक की तलाश में जुट गए। काफी देर तक युवक का सुराग न मिल पाने के बाद जेसीबी तथा पोकलेन मशीन से कृत्रिम झील को खोलने का कार्य शुरू किया गया।
करीब 3 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद युवक का शव बरामद हुआ, जिसे पुलिस ने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बंजार अस्पताल में भेज दिया है। एसपी खुशहाल शर्मा ने मामले की पुष्टि की है।