सैलानियों के लिए होटलों की बुकिंग व घूमने-फिरने के पैकेज पर इतनी फीसदी छूट……
HNN/ शिमला
हिमाचल प्रदेश में लगातार हो रही भारी बारिश और बाढ़ की स्थिति के कारण प्रदेश के टूरिज्म सेक्टर पर बुरा असर पड़ा है। खराब मौसम के कारण हिमाचल प्रदेश के होटलों में बुकिंग लगभग शून्य प्रतिशत रही। इसके कारण होटल मालिकों को काफी नुकसान उठाना पड़ रहा। इस स्थिति को देखते हुए होटल एसोसिएशन ने एक बड़ा कदम उठाया है।
पर्यटकों को वापस लुभाने के लिए कमरे के किराए को आधा कर दिया गया है। यानी अब होटलों में बुकिंग करने पर 50 प्रतिशत तक की छूट मिलेगी। ट्रैवल एजेंट्स सैलानियों को घूमने-फिरने के पैकेज पर 30 फीसदी तक छूट दे रहे हैं। टैक्सी ऑपरेटर सैलानियों को साइट सीन बुकिंग के साथ फ्री पिकअप-फ्री ड्रॉपिंग की पेशकश कर रहे हैं।
सड़कें बहाल होने के बाद शिमला, कसौली, चायल, किन्नौर, लाहौल-स्पीति, धर्मशाला, डलहौजी तक सैलानी पहुंचने शुरू हो गए हैं। कुल्लू-मनाली में भी सैलानी आना शुरू हो गए हैं। एचपीटीडीसी ने होटलों में 15 सितंबर तक कमरों की बुकिंग पर 50 फीसदी छूट दी है।
ट्रैवल एजेंट्स एसोसिएशन के अध्यक्ष नवीन पॉल ने बताया कि सैलानियों को 25 से 30 फीसदी छूट के अलावा माता-पिता के साथ 12 साल तक के बच्चों का चार्ज नहीं लिया जाएगा। फेडरेशन ऑफ हिमाचल होटल एंड रेस्टोरेंट्स एसोसिएशन के अध्यक्ष गजेंद्र्र सिंह ठाकुर ने बताया कि आपदा के बाद पर्यटकों को आकर्षित करने के लिए 30 से 50 फीसदी छूट दी जा रही है।
