Loading...

सोनिया गांधी ने किया वीरभद्र सिंह की प्रतिमा का अनावरण, हजारों लोगों ने रिज मैदान पर दी ‘राजा साहब’ को श्रद्धांजलि

Shailesh Saini 13 Oct 2025 Edited 13 Oct 1 min read

पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के योगदान को किया याद, आधुनिक हिमाचल को आकार देने में अहम भूमिका

हिमाचल नाऊ न्यूज़ शिमला

हिमाचल प्रदेश के छह बार के मुख्यमंत्री रहे स्वर्गीय वीरभद्र सिंह की प्रतिमा का अनावरण आज शिमला के ऐतिहासिक रिज मैदान पर कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी ने किया। इस ऐतिहासिक और भावनात्मक क्षण की साक्षी बनने के लिए कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा भी विशेष रूप से उपस्थित रहीं।

इस मौके पर हिमाचल प्रदेश के कोने-कोने से हजारों लोग शिमला पहुंचे और ‘राजा साहब’ के नाम से लोकप्रिय रहे वीरभद्र सिंह को श्रद्धांजलि दी। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने इस अवसर पर कहा कि हिमाचल के लोग लंबे समय से इस पल का इंतजार कर रहे थे।

उन्होंने कहा कि यह क्षण बेहद भावनात्मक और ऐतिहासिक है, क्योंकि वीरभद्र सिंह केवल एक नेता नहीं, बल्कि जनता के दिलों से जुड़े हुए व्यक्ति थे।प्रतिभा सिंह ने बताया कि शीर्ष नेतृत्व के व्यस्त कार्यक्रमों और खराब मौसम के चलते प्रतिमा के अनावरण में कुछ देरी हुई थी, लेकिन जैसे ही अवसर मिला, सोनिया गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा ने स्वयं शिमला पहुंचकर यह प्रतिमा जनता को समर्पित की।

उन्होंने कहा, “स्वर्गीय वीरभद्र सिंह का हिमाचल प्रदेश के विकास में योगदान किसी परिचय का मोहताज नहीं है। वे हर वर्ग, हर क्षेत्र और हर व्यक्ति से व्यक्तिगत रूप से जुड़े रहे।”

उन्होंने जोर देकर कहा कि आज जब उनकी प्रतिमा का अनावरण हुआ है, तो यह न केवल श्रद्धांजलि का क्षण है, बल्कि उनके आदर्शों को याद करने का अवसर भी है।इस कार्यक्रम में प्रदेश कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता, मंत्री, विधायक और वीरभद्र सिंह के समर्थक बड़ी संख्या में मौजूद रहे।

नेताओं ने इस मौके पर पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. यशवंत सिंह परमार को भी याद किया और कहा कि अगर आधुनिक हिमाचल की नींव डॉ. परमार ने रखी थी, तो उसे आकार देने में स्वर्गीय वीरभद्र सिंह की भूमिका सबसे अहम रही।