सोमभद्रा नदी में ट्रैक्टर पलटने से दो लोगों की मौत
ऊना/वीरेंद्र बन्याल
उपमंडल गगरेट के कुठेहड़ा जसवाला गांव में सोमभद्रा नदी के उफान ने दो परिवारों को गहरे शोक में डुबो दिया। सोमवार रात खेत जोतने के बाद ट्रैक्टर से लौट रहे दो किसानों की तेज बहाव में बहकर मौत हो गई। अंधेरे और गहराई का अंदाजा न लग पाने से यह बड़ा हादसा हुआ।
कैसे हुआ हादसा
सोमवार रात संजीव कुमार (49) पुत्र यशपाल और सुरजीवन (49) पुत्र रोशन सिंह अपने खेतों को ट्रैक्टर से जोतकर नंदपुर से वापिस लौट रहे थे। जैसे ही उन्होंने सोमभद्रा नदी पार करने की कोशिश की, ट्रैक्टर तेज बहाव में पलट गया। अंधेरे की वजह से पानी की गहराई का सही अंदाज़ा नहीं लगाया जा सका।
नदी ने छीनी दो जानें
ट्रैक्टर के पलटते ही सुरजीवन उसके नीचे दब गए, जबकि संजीव बहाव में दूर तक बह गए। ग्रामीणों ने तुरंत मदद की और सुरजीवन को बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। कुछ समय बाद घटनास्थल से लगभग दो सौ मीटर दूर संजीव का शव भी बरामद हुआ।
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
दोनों मृतक विवाहित थे। सुरजीवन की दो बेटियां और संजीव के एक बेटा और एक बेटी है। अचानक हुई इस त्रासदी ने पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ा दी है।
प्रशासन की कार्रवाई
गगरेट पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए क्षेत्रीय अस्पताल ऊना भेज दिया। एएसपी संजीव भाटिया ने पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया है और मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।