सोलन में झारखंड की 34 वर्षीय महिला की हत्या, जांच में जुटी पुलिस
HNN/ सोलन
जिला सोलन शहर के वार्ड नंबर-3 के क्लीन में एक प्रवासी महिला की हत्या करने का मामला सामने आया है। मृतका की पहचान 34 वर्षीय सुमन झारखंड के तौर पर की गई है। बताया जा रहा है कि महिला का शव नग्न अवस्था में मिला है और चाकू से महिला की हत्या की गई है।
बता दें हत्या की वारदात में एक व्यक्ति को हिरासत में लिया गया है, जिससे पूछताछ की जा रही है। पुलिस की टीम फॉरेंसिक टीम का इंतजार कर रही है और फोरेंसिक जांच के बाद ही महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जाएगा।
जानकारी के मुताबिक, महिला के बच्चे स्कूल गए हुए थे। जब बच्चे स्कूल से घर पहुंचे तो उन्होंने अपनी मां को खून से लथपथ देखा। इसे देखते ही बच्चे चिल्लाए। बच्चों का शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी पुलिस को दी गई।
सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। बता दें महिला का पति मुकेश हरियाणा के पानीपत का रहने वाला है, वो शहर में मिस्त्री का काम करता है। सोलन के पुलिस अधीक्षक गौरव सिंह ने मामले की पुष्टि की है।