सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो की सच्चाई: मंडी में दो युवक शराब के नशे में पाए गए , पुलिस ने स्कूटी जब्त की
Himachalnow / मंडी
वायरल वीडियो में किया गया दावा गलत
सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें दो युवकों को सड़क किनारे अपनी स्कूटी के साथ बेसुध हालत में पड़े हुए देखा जा सकता है। वीडियो के साथ दावा किया जा रहा था कि ये युवक हेरोइन (चिट्टे) के नशे में थे। हालांकि, पुलिस जांच में इस दावे को गलत पाया गया।
पुलिस जांच में शराब के नशे की पुष्टि
हिमाचल प्रदेश पुलिस ने इस मामले पर बयान जारी करते हुए स्पष्ट किया कि इन युवकों को हिरासत में लिया गया था और जांच के दौरान पाया गया कि वे नशे में जरूर थे, लेकिन उन्होंने हेरोइन नहीं, बल्कि शराब का सेवन किया था। घटना मंडी जिले के सौली खड्ड क्षेत्र में हुई, जहां पुलिस ने समय पर पहुंचकर स्थिति को संभाला।
स्कूटी जब्त , चालान किया गया
पुलिस ने इन युवकों की स्कूटी को जब्त कर लिया और शराब पीकर वाहन चलाने के आरोप में चालान किया। इसके बाद कानूनी प्रक्रिया के तहत नोटिस जारी कर उन्हें रिहा कर दिया गया। पुलिस ने स्पष्ट किया कि यह मामला नशीले पदार्थों से संबंधित नहीं है, बल्कि शराब के नशे का है।
पुलिस की अपील : अफवाहों से बचें
पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि बिना सत्यापित किए किसी भी खबर या वीडियो को आगे न फैलाएं। इस तरह की अफवाहें न केवल गलत जानकारी फैलाती हैं, बल्कि कानून-व्यवस्था को लेकर भी भ्रम उत्पन्न करती हैं।