Loading...

स्टांप ड्यूटी 10 गुना बढ़ाने के तुगलकी फरमान को वापस ले सरकार- मेलाराम शर्मा

Ankita 24 Dec 2023 Edited 24 Dec 1 min read

HNN/ नाहन

सिरमौर जिला भाजपा प्रवक्ता मेलाराम शर्मा ने प्रदेश की व्यवस्था परिवर्तन वाली सुक्खू सरकार द्वारा भूमि खरीद पर स्टांप ड्यूटी को सीधे 10 गुना बढ़ाने के निर्णय को असामाजिक और जनता के साथ अन्याय करार दिया है।

उन्होंने कहा कि जब से प्रदेश में कांग्रेस सरकार ने सत्ता संभाली है तब से प्रदेश की जनता महंगाई की मार से त्रस्त है और सस्ते राशन के डिपुओं पर भी अनेक आवश्यक वस्तुओं के दाम बढ़ने से गरीबों की कमर तोड़ दी हैऔर महंगाई की मार से गरीबों में पहले ही हायतौबा मची है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में भूमि खरीद पर स्टांप ड्यूटी सीधा 10 गुना बढ़ाने से प्रदेश की जनता पर बेवजह बोझ लादा जा रहा है। जिला भाजपा प्रवक्ता ने बताया कि अब पुरुषों को 50 लाख की भूमि खरीद पर छह प्रतिशत और इससे अधिक की खरीद पर आठ प्रतिशत स्टांप ड्यूटी चुकानी पड़ेगी।

इसके अलावा जनरल पावर आफ अटार्नी (जीपीए) शुल्क को 100 से बढ़ाकर 1000, 150 से बढ़ाकर 1500 और 200 से बढ़ाकर 2000 रुपए किया गया है। न्यूनतम 1000 पर 5000 रुपए स्टांप ड्यूटी किया गया है। 100 की जगह 200 रुपए जीपीए करना तो सही होता, सरकार पांच प्रतिशत की वृद्धि करती तो उसे उचित माना जाता, लेकिन 100 रूपए को सीधे 1000 रुपए करना कतई सही नहीं है।

मेला राम शर्मा ने कहा कि सरकार के इस जनविरोधी निर्णय से प्रदेश की गरीब जनता की कमर टूट जाएगी और कहा कि प्रदेश की जनता ने इस सरकार को सत्ता सोंपते समय ऐसे तुगलकी जनविरोधी निर्णय लेने की उम्मीद नहीं की थी। उन्होंने कहा की प्रदेश की माली हालत को सुधारने के लिए गरीबों पर इस तरह से बिना सोचे समझे आर्थिक बोझ लादना ठीक नहीं है।

प्रदेश सरकार यदि राज्य की आर्थिक स्थिति सुधारना चाहती है तो उसे सरकार के मंत्रियों के अलावा कैबिनेट के स्तर के अनेक फालतू औहदेदारों की फौजी कम करनी चाहिए, प्रदेश के लिए अच्छे औद्योगिक निवेशकों को आमंत्रित किया जाना चाहिए और राज्य में पर्यटन विकास की नई संभावनाएं तलाश कर अर्थिकी में सुधार लाना चाहिए।

उन्होंने सुक्खू सरकार से आग्रह किया कि गरीब जनता के साथ अन्याय करने वाले इस तुगलकी फरमान को तुरंत वापस लिया जाए वरना प्रदेश की जनता इस सरकार को ऐसे जनविरोधी निर्णय लेने के लिए कभी माफ नहीं करेगी।

Related Topics: