Loading...

स्वीप टीम ने सरकाघाट विस क्षेत्र में लोगों को मतदान के लिए किया जागरूक

Ankita • 21 May 2024 • 1 Min Read

HNN/ मंडी

लोकसभा चुनाव-2024 के मद्देनजर स्वीप टीम ने सरकाघाट विधान सभा क्षेत्र के रिस्सा, चौरी, कन्योहल पशु औषधि संस्थान तथा आसपास क्षेत्रों के लोगों को शत-प्रतिशत मतदान के लिए प्रेरित किया तथा मतदाताओं से सीधे संपर्क साध कर उन्हें वोट डालने के लिए प्रेरित किया। नए पुराने सभी मतदाताओं को वोट की अहमियत समझाई गई।

यह जानकारी सहायक निर्वाचन अधिकारी एवं एसडीएम सरकाघाट स्वाति डोगरा ने देते हुए बताया कि सरकार चुनने में मतदान करना हमारा संवैधानिक अधिकार ही नहीं है बल्कि हमारा कर्तव्य भी है। उन्होंने आगामी 1 जून को अधिक से अधिक मतदाताओं से मतदान करने का भी आह्वान किया है ताकि सरकाघाट विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र का मत प्रतिशत गत लोकसभा चुनाव के मुकाबले बढ़ सके।

उन्होंने मतदाताओं से बिना किसी भेदभाव, स्वतंत्र व निष्पक्ष होकर मतदान करने को कहा। इस अवसर पर नोडल अधिकारी स्वीप सरकाघाट कर्म सिंह पराशर ने बताया कि कम मतदान प्रतिशतता वाले मतदान केन्द्रों में विशेष तौर पर स्वीप कार्यक्रम के तहत जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है।

मतदाताओं की उदासीनता से पार पाने एवं सभी मतदाताओं को वोट डालने के लिए प्रेरित करना ही इस अभियान का उद्देश्य है। उन्होंने सभी मतदाताओं विशेष तौर पर पहली बार वोट करने वाले तथा युवा मतदाताओं से आह्वान किया कि वे अपने मताधिकार का प्रयोग अवश्य करें और एक जून को सबसे पहले मतदान कर लोकतंत्र के इस महापर्व में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें।

उन्होंने बताया कि सेल्फी पवाईंट तथा सिग्नेचर अभियान भी मतदाता जागरूकता के लिए स्वीप टीम ने मौके पर रखे। इस पर लोगों से हस्ताक्षर करवाकर व फोटो खिंचवाकर अधिक से अधिक मतदान करने का संदेश दिया गया।