हंसते-खेलते परिवार पर मिनटों में टूटा दुखों का पहाड़, खाना बनाते समय पड़ा दिल का दौरा
HNN / हमीरपुर
जिला हमीरपुर में हंसते खेलते एक परिवार पर चंद मिनटों में दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। यहां एक व्यक्ति खाना बना रहा था कि अचानक वह चूल्हे में गिर गया जिसके चलते उसकी मौत हो गई। मृतक की पहचान 56 वर्षीय बलविंदर सिंह पुत्र रोशनलाल के रूप में हुई है। पुलिस ने घटना के संदर्भ में मामला दर्ज कर आगामी कार्यवाही शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार बलविंदर अपने बच्चों के लिए खाना बना रहा था। अचानक उसे खाना बनाते समय दिल का दौरा पड़ा और वह चूल्हे में गिर गया। जब थोड़ी देर बाद रसोई घर से अजीब-सी दुर्गंध आई तो घर के लोग तुरंत रसोई में पहुंचे और बलविंदर को चूल्हे में गिरता देख उनके पांव तले जमीन खिसक गई।
उन्होंने बलविंदर को चूल्हे से बाहर निकाला और अस्पताल ले जाने लगे। लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और उन्होंने शव को कब्जे में लिया, साथ ही परिजनों के बयान दर्ज किए।