हजारों कैमरों की निगरानी में रहेगी रामनगरी, इतने प्रकार के व्यंजनों का स्वाद चखेंगे मेहमान….
श्री राम जन्म भूमि मंदिर निर्माण के बाद अयोध्या की सुरक्षा और अहम हो गई है। बता दें अयोध्या के 10,548 स्थानों पर लगे खुफिया कैमरों से हर गतिविधि की निगरानी हो रही है। खुराफातियों को पता भी नहीं चलेगा कि वे कहां से देखे जा रहे हैं। कोतवाली अयोध्या क्षेत्र में लगभग 2,000, रामजन्मभूमि थाना क्षेत्र में लगभग डेढ़ हजार व नगर कोतवाली क्षेत्र में 710 कैमरे लगे हैं।
इसके अलावा रेड जोन व येलो जोन में भी अलग-अलग क्षमता के आधुनिक कैमरे लगे हैं। यह कैमरे उन स्थानों पर लगे हैं, जहां आपकी सोच भी नहीं पहुंच सकती है। किसी भी व्यक्ति के आते-जाते, उठते-बैठते या किसी तरह की गतिविधि को यह कैमरे रिकॉर्ड करेंगे। किसी तरह का अपराध करके अपराधी भाग भी नहीं सकेगा। शहर से जाने वाले हर रास्ते पर ये कैमरे उसका पीछा करेंगे।
50 प्रकार के व्यंजनों का स्वाद चखेंगे मेहमान……
रामलला की प्राण प्रतिष्ठा समारोह में आने वाले अतिथियों को देसी व्यंजनों का स्वाद चखने को मिलेगा। अयोध्या की गरिमा के अनुरूप पूरी तरह से शुद्ध सात्विक भोजन ही परोसा जाएगा। अलग-अलग राज्यों की पहचान रखने वाले व्यंजन भी बनेंगे।
मसलन लिट्टी-चोखा, राजस्थानी दाल बाटी चूरमा, पंजाबी तड़का, दक्षिण भारतीय मसाला डोसा और इडली, बंगाली रसगुल्ले, जलेबी जैसे कई खास व्यंजन और मिठाइयों को मेन्यू में शामिल किया गया है।