Loading...

हरमनजोत और निवृति ने हासिल किए 96 फीसदी अंक

Ankita • 12 May 2023 • 1 Min Read

नवोदय स्कूल नाहन का परीक्षा परिणाम रहा शत-प्रतिशत

HNN/नाहन

सीबीएससी के 10वीं और 12वीं के परीक्षा परिणामों में नवोदय स्कूल नाहन का शानदार प्रदर्शन रहा। जमा दो कक्षा के परिणामों में विज्ञान वर्ग में इस स्कूल की हरमनजोत और कला वर्ग में निवृति ने 96 फीसदी अंक हासिल किए। इस स्कूल की प्राची व सिमरनप्रीत कौर लांबा ने कला वर्ग में 95.4 फीसदी अंक प्राप्त किए।

इसी तरह 10वीं कक्षा के नतीजों में कृतिका ठाकुर ने 95.8, आदिश नारू ने 94.2 और कार्तिक चौहान ने 93 प्रतिशत अंक प्राप्त किए। स्कूल के प्रधानाचार्य सुरेंद्र कुमार तिवारी ने बताया कि 10वीं और 12वीं कक्षा के नतीजों में स्कूल का प्रदर्शन काफी शानदार रहा। उन्होंने बताया कि जमा दो में 40 विद्यार्थियों ने विज्ञान संकाय व 40 ही विद्यार्थियों ने कला संकाय में परीक्षा दी थी। परीक्षा परिणाम शत-प्रतिशत रहा है।

उन्होंने बताया कि 79 विद्यार्थियों ने दसवीं की परीक्षा दी थी। इसका परिणाम भी शत प्रतिशत रहा। उन्होंने मेधावियों को बधाई देते हुए उज्जवल भविष्य की कामना की। उधर, होली हार्ट पब्ल्कि स्कूल नाहन का सीबीएससी की 12वीं कक्षा का परिणाम शानदार रहा। स्कूल के विद्यार्थी अच्छे अंकों के साथ उतीर्ण हुए। परीक्षा परिणाम घोषित होते ही स्कूल के विद्यार्थी अपनी खुशी का इजहार करने स्कूल पहुंचे।

यहां प्रधानाचार्य सतिंद्र गिल ने सभी मेधावी बच्चों का मुंह मीठा करवाकर उनको बधाई दी। साथ ही उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना भी की। प्रधानाचार्य सतिंद्र गिल ने बताया कि स्कूल का वार्षिक परिणाम इस बार भी शानदार रहा। बच्चे अच्छे अंकों के साथ पास हुए। उन्होंने बताया कि पांच बच्चों ने 89 प्रतिशत अंकों से अधिक प्राप्त किए।

इनमें हरमनजीत सिंह कालसा ने 95.4 प्रतिशत अंक लेकर स्कूल में टॉप किया। इसके बाद 95 प्रतिशत अंकों के साथ अगम्या अग्रवाल दूसरे नंबर पर रहे। पुलकित अग्रवाल ने 94.2 प्रतिशत, सौम्या शर्मा ने 90.4 प्रतिशत और वत्सल मोदगिल ने 89 प्रतिशत अंक लेकर स्कूल का नाम रोशन किया।