Loading...

हरोली के बीत क्षेत्र में 75 करोड़ की सिंचाई परियोजना-2 पर तेज काम, 28 गांवों को मिलेगा लाभ

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन 27 Mar 2026 Edited 27 Mar 1 min read

Himachalnow / ऊना / वीरेंद्र बन्याल

स्वां नदी से पानी उठाकर बड़ी भंडारण प्रणाली के जरिए खेतों तक पहुंचाया जाएगा। इस योजना से क्षेत्र में कृषि और जल संकट दोनों को राहत मिलने की उम्मीद है।

ऊना/हरोली-बीत क्षेत्र

सिंचाई व्यवस्था में बड़ा बदलाव
जहां पहले बीत क्षेत्र के लोगों को कृषि ही नहीं बल्कि पीने के पानी के लिए भी संघर्ष करना पड़ता था वहीँ अब बीत सिंचाई योजना–1 की सफलता के बाद ₹75 करोड़ की लागत से बीत सिंचाई परियोजना–2 का कार्य तेजी से आगे बढ़ रहा है, जिससे क्षेत्र में पानी की उपलब्धता को मजबूत किया जा रहा है।

स्वां नदी से पहुंचेगा पानी, बनेगा बड़ा स्टोरेज सिस्टम

इस परियोजना के तहत स्वां नदी से पानी उठाकर पालकवाह में 11 लाख लीटर क्षमता वाले भंडारण टैंक तक पहुंचाया जाएगा। यहां से लगभग 123 किलोमीटर लंबी वितरण प्रणाली के माध्यम से पानी को विभिन्न क्षेत्रों तक पहुंचाया जाएगा, जिससे सिंचाई व्यवस्था को स्थायी रूप से सुदृढ़ किया जा सके।

28 गांवों की भूमि होगी सिंचित

इस योजना से पालकवाह, ठाकरां, कर्मपुर, ललड़ी, चंदपुर, नंगल खुर्द, नंगल कलां, बट्ट कलां, पुबोवाल, कुठार बीत (मकोढगड़), पोलियां बीत (टिब्बिया, जननी, मलुवाल), कुंगडत, हीरा नगर, दुलैहड़, भडीयारा, गोंदपुर जयचंद, गोंदपुर बुल्ला सहित कुल 28 गांवों की भूमि को सिंचाई सुविधा मिलेगी।

कृषि और जल संकट से मिलेगी राहत

इस परियोजना के पूरा होने के बाद किसानों को बेहतर सिंचाई सुविधा मिलेगी, जिससे फसल उत्पादन में वृद्धि होगी। साथ ही क्षेत्र में लंबे समय से चली आ रही पानी की समस्या से भी राहत मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।