हर आपातकालीन स्थिति में होमगार्ड जवानों का मिलता है भरपूर सहयोग- डीसी
HNN / बिलासपुर
होमगार्ड जवानों का किसी भी समय आपदा, दुर्घटना और आपातकालीन स्थिति में हमेशा तत्परता के साथ सहयोग मिलता है। यह विचार उपायुक्त बिलासपुर पंकज राय ने बिलासपुर पांचवी गृह रक्षा एवं नागरिक सुरक्षा प्रशिक्षण के केंद्र के परिसर में 60वे गृह रक्षा एवं नागरिक सुरक्षा के स्थापना दिवस की अध्यक्षता करते हुए व्यक्त किए।
उन्होंने कहा कि नागरिकों में सेवा भावना, साहस और देशभक्ति की भावना जागृत करने, कानून व्यवस्था बनाए रखने और राज्य के सामाजिक-आर्थिक सुधार के उद्देश्य से 1962 में हिमाचल प्रदेश में होमगार्ड संगठन की स्थापना की गई थी। उन्होंने बताया कि विभिन्न आवश्यक सेवाओं जिनमें मोटर परिवहन, इंजीनियर समूह, अग्निशमन व प्राथमिक चिकित्सा, विद्युत आपूर्ति संचालन जल प्रतिष्ठान व संचार प्रणाली शामिल हैं, में सेवाएं प्रदान करने के लिए होमगार्ड जवानों द्वारा जिम्मेदारी पूर्वक कर्तव्य का निर्वहन किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि गृह रक्षा एवं नागरिक सुरक्षा के जवानों के कार्यों का महत्व आज और भी बढ़ गया है। कोरोना काल में प्रदेश में अन्य कोरोना योद्धाओं की तरह गृह रक्षा वाहिनी के महिला व पुरुष जवानों द्वारा अपनी जान की परवाह न करते हुए कोरोना पीड़ितों को सहायता प्रदान की जोकि अत्यंत प्रशंसनीय है।