हर साल ‘राम दीपावली’ के रूप में मनाया जाएगा 22 जनवरी का दिन
अयोध्या में 22 जनवरी को राम मंदिर का उद्घाटन होना है। रामलला के प्राण प्रतिष्ठा के अवसर पर राजधानी के मंदिरों को दिवाली के दिन की तरह रंग बिरंगी रोशनी एवं फूलों से सजाया जाएगा।
इसके अलावा मंदिरों में रामचरित मानस का पाठ होगा मंदिरों में विशाल भंडारों का आयोजन किया जाएगा एवं 501 देशी घी के दीपक प्रज्ज्वलित किए जाएंगे। रामलीला कमेटी प्रभु राम की भव्य शोभायात्रा निकालेगी और वह जगह-जगह स्वागत द्वार बनाएगी।
जानकारी के मुताबिक, अब हर साल 22 जनवरी का दिन ‘राम दीपावली’ के रूप में मनाया जाएगा। दरअसल, सबसे पहले यह योजना बनी थी कि अयोध्या में राम मंदिर के उद्घाटन के दिन 22 जनवरी को पूरे देश में हिंदू समाज के परिवारों से अपने-अपने घरों पर पांच-पांच दीपक जलाने की अपील की जाएगी।
लेकिन राम मंदिर के प्रति लोगों के उत्साह को देखते हुए इसे पूरी तरह दीपावली के त्यौहार की तरह मनाए जाने की योजना बनाई गई। बता दें लोगों से यह अपील की गई हैं कि लोग उद्घाटन के दिन पूरी तरह दीपावली के त्योहार की तरह अपने घरों को सजाएं, पूजा-पाठ करें और आपस में मेलजोल करें।
जिस तरह लोग दीपावली के दिन उपहार देकर एक दूसरे को शुभकामनाएं देते हैं, उसी प्रकार 22 जनवरी को भी एक दूसरे को उपहार और शुभकामनाएं दें। विश्व हिंदू परिषद (विहिप) और श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की योजना है कि इसे पूरी तरह गैर राजनीतिक धार्मिक-सामाजिक कार्यक्रम की तरह रखा जाए, जिससे हिंदू समाज का हर वर्ग और हर जाति स्वेच्छा से इसका हिस्सेदार बनना पसंद करे।