हल्द्वानी में अवैध मदरसे और नमाज स्थल पर चला बुलडोजर, 50 पुलिसकर्मी सहित कई पत्रकार जख्मी
उत्तराखंड में धामी सरकार का बुलडोजर लगातार अतिक्रमण के खिलाफ चल रहा है। इसी कड़ी में हल्द्वानी के थाना बनभूलपुरा क्षेत्र में आज बुलडोजर गरजा। नगर निगम और पुलिस की टीम की मौजूदगी में ये एक्शन मलिक के बगीचे में अवैध मदरसे और नमाज स्थल पर हुआ।
इस दौरान अराजक तत्वों ने पुलिस प्रशासन और पत्रकारों पर जमकर पथराव किया। इसमें एसडीएम सहित कई पुलिसकर्मी और पत्रकार घायल भी हुए हैं। उपद्रवियों ने बनभूलपुरा थाने को चारों ओर से घेरकर भारी पथराव किया है। कई गाड़ियों को आग के हवाले कर दिया है। ट्रांसफार्मर में भी आग लगा दी है।
पुलिस प्रशासन के अधिकारियों के साथ ही पत्रकार भी फंसे हुए हैं।पुलिस फोर्स की ओर से हवाई फायरिंग की गई है। हालात पर काबू पाने के लिए कई थानों की पुलिस बुलाई गई है।
बताते चलें कि भारी पुलिस बल के साथ नगर निगम की टीम मलिक के बगीचे पहुंची, यहां अवैध मदरसे और नमाज स्थल को जेसीबी से तोड़ने का काम शुरू ही हुआ था कि मुस्लिम महिलाओं और युवकों ने विरोध प्रदर्शन शुरू किया। इस दौरान कुछ लोगों ने पुलिस पर पथराव भी किया, जिसमें 50 से अधिक पुलिसकर्मी घायल हो गए। इलाके में भारी पुलिस बल तैनात किया है।