हल्द्वानी हिंसा: पूरे शहर में कर्फ्यू, इंटरनेट बंद, अब तक 6 लोगों की मौत, करीब 300 घायल
उत्तराखंड के हल्द्वानी में गुरुवार को अवैध मदरसा और मस्जिद को हटाए जाने को लेकर भारी बवाल हुआ और उपद्रवियों ने जमकर उत्पात मचाया। बनभूलपुरा इलाके में अवैध निर्माण को हटाने पहुंची टीम पर पहले पत्थरबाजी हुई और उसके बाद पुलिस द्वारा लाठीचार्ज करने के बाद उपद्रवी और उग्र हो गए। गुस्साई भीड़ ने कई जगह आगजनी कर दी और दर्जनों गाड़ियों को फूंक दिया।
इस हिंसा में अब तक 6 लोगों की मौत हो चुकी है जबकि 300 से ज्यादा लोग घायल है, जिनमें पुलिसकर्मी भी शामिल है। सभी घायलों का अस्पताल में इलाज चल रहा है। कानून और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिला मजिस्ट्रेट वंदना सिंह ने पूरे इलाके में धारा-144 लागू कर दी है। हल्द्वानी शहर में कर्फ्यू लगा दिया गया है जो अगले आदेश तक जारी रहेगा। इस वजह से शहर की सड़कों पर सन्नाटा पसरा हुआ है।
इसके अलावा पुलिस ने और भी कई कड़े कदम उठाए हैं। किसी भी व्यक्ति को अत्यावश्यक कार्यों (मेडिकल जरूरत को छोड़कर) के अलावा घर से बाहर निकलने की इजाजत नहीं है। जिले में सभी व्यावसायिक संस्थान, दुकानें, स्कूल-कॉलेज, उद्योग इत्यादि पूरी तरह बंद रहेंगे। सिर्फ अस्पताल और दवाई की दुकानें खुली रहेंगी। जिले में इंटरनेट को बंद कर दिया गया है ताकि असामाजिक तत्व उसके जरिए अफवाह ना फैला पाएं।