हादसे का शिकार हुई श्रद्धालुओं की कार, चालक बुरी तरह जख्मी
HNN/ मंडी
जिला मंडी के शाला-कमरुनाग सड़क मार्ग पर एक हादसा पेश आया है, यहां श्रद्धालुओं की कार हादसे का शिकार हो गई। इस घटना में चालक गंभीर रूप से घायल हुआ है।
घायल की पहचान 44 वर्षीय कमल देव निवासी गारली जिला हमीरपुर के रूप में हुई है। स्थानीय लोगों ने कार चालक को गाड़ी से निकाल कर मेडिकल कॉलेज नेरचौक पहुंचाया, जहां उसका उपचार जारी है।
पुलिस ने घटना के संदर्भ में मामला दर्ज कर आगामी कार्यवाही शुरू कर दी है। जानकारी के मुताबिक, कमल देव परिवार सहित कार (एचपी 19ई-0910) में देव कमरुनाग के दर्शन के लिए गया हुआ था।
इस दौरान कार की ब्रेक न लगने पर कमल देव ने अपने परिवार को उतार दिया था और खुद कार की ब्रेक चैक करने के लिए गाड़ी को आगे ले गया, लेकिन कुछ दूरी पर कार अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे लुढ़क गई और दूसरी सड़क तक पहुंच गई।
इस हादसे में कमल देव को गंभीर चोटें आई है। घायल का मेडिकल कॉलेज नेरचौक में उपचार जारी है। थाना प्रभारी गोहर लाल सिंह ने मामले की पुष्टि की है।