HNN / धर्मशाला
हिमाचल प्रदेश की 14वीं विधानसभा का पहला शीतकालीन सत्र 22 दिसंबर से शुरू होने जा रहा है जो 24 दिसंबर तक चलेगा। शीतकालीन सत्र के लिए तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। परिसर की साफ-सफाई की जा रही है। गेटों, दीवारों और डंगों पर रंग-रोगन किया जा रहा है। परिसर में उगी झाड़ियों की छंटाई की जा रही है। वही , 14वीं विधानसभा के पहले शीतकालीन सत्र को लेकर आज राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर ने अधिसूचना जारी कर दी है।
जानकारी के अनुसार इस बार शीतकालीन सत्र में कई बदलाव देखने को मिलेंगे। तीन दिन के इस सत्र के दौरान पहले दिन 22 दिसंबर को 11 बजे सत्र शुरू होगा और प्रोटेम स्पीकर चंद्र कुमार सभी सदस्यों को शपथ दिलाएंगे। 23 दिसंबर को विधानसभा अध्यक्ष व उपाध्यक्ष का चुनाव होगा और राज्यपाल का अभिभाषण होगा।
शनिवार 24 दिसंबर को शोकोद्गार के अलावा शासकीय कार्य निपटाए जाएंगे और राज्यपाल के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पेश होगा। इस सत्र के बाद कैबिनेट का गठन होना है। हालांकि, अभी यह तय नहीं किया गया है कि उपमुख्यमंत्री शीतकालीन सत्र के दौरान कहां बैठेंगे। लेकिन कयास लगाए जा रहे हैं कि उप मुख्यमंत्री के लिए विधानसभा परिसर में कमरा नंबर 201 चिह्नित किया गया है।

