28 लाख महिलाओं के 72-72 हजार का हिसाब मांगेंगे, 2027 में कांग्रेस की विदाई तय : बिंदल
पंचायती राज चुनावों के नतीजों से उत्साहित भाजपा ने छेड़ा विधानसभा चुनाव का अभियान, गारंटियों पर सरकार की घेराबंदी
हिमाचल नाऊ न्यूज़ | सोलन
हिमाचल प्रदेश में पंचायती राज एवं नगर निकाय चुनावों के बाद अब भाजपा ने वर्ष 2027 के विधानसभा चुनावों के लिए अपनी राजनीतिक जमीन मजबूत करनी शुरू कर दी है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने महिलाओं की सम्मान राशि, युवाओं के रोजगार और बिजली के बढ़ते बिलों को लेकर कांग्रेस सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है।
सोलन जिला के अर्की में आयोजित भाजपा जनप्रतिनिधि सम्मेलन की अध्यक्षता करते हुए डॉ. बिंदल ने कहा कि प्रदेश की 28 लाख महिलाओं को चार वर्षों की सम्मान राशि के 72-72 हजार रुपये कांग्रेस सरकार को देने ही पड़ेंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि सत्ता हासिल करने के लिए कांग्रेस ने प्रदेश की माताओं-बहनों को 1500 रुपये प्रतिमाह देने की गारंटी दी थी, लेकिन सत्ता में आने के बाद अपने वादे से मुंह मोड़ लिया।
डॉ. बिंदल ने कहा कि धर्मशाला में आयोजित महिला अधिकार धरने में बड़ी संख्या में महिलाओं की भागीदारी ने सरकार के खिलाफ बढ़ते असंतोष को उजागर किया है। भाजपा महिलाओं को उनका अधिकार दिलाने के लिए संघर्ष जारी रखेगी।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने पंचायती राज एवं नगर निकाय चुनावों के नतीजों को कांग्रेस सरकार के खिलाफ जनादेश करार दिया। उन्होंने दावा किया कि प्रधान, बीडीसी और जिला परिषद चुनावों में भाजपा समर्थित उम्मीदवारों की शानदार जीत ने प्रदेश की बदलती राजनीतिक तस्वीर स्पष्ट कर दी है।
युवाओं के रोजगार का मुद्दा उठाते हुए डॉ. बिंदल ने सवाल किया कि पांच लाख युवाओं को पक्की नौकरी देने की कांग्रेस की गारंटी आखिर कहां चली गई? प्रदेश का युवा आज भी 58 वर्ष की आयु तक सुरक्षित रोजगार मिलने का इंतजार कर रहा है।
उन्होंने बिजली की बढ़ती दरों और भारी भरकम बिलों को लेकर भी सरकार पर निशाना साधा। कहा कि कांग्रेस सरकार प्रदेशवासियों को राहत देने के बजाय बिजली के बिलों का करंट लगा रही है।
डॉ. बिंदल ने नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों और भाजपा कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि वे संगठन को और मजबूत करने के साथ जनसेवा में जुट जाएं। उन्होंने कहा कि भाजपा की चुनावी सफलताओं के पीछे कार्यकर्ताओं का अथक परिश्रम, समर्पण और संगठन के प्रति निष्ठा है।
उन्होंने दावा किया कि पंचायती राज चुनावों में मिली सफलता को भाजपा वर्ष 2027 के विधानसभा चुनावों में भी दोहराएगी। प्रदेश की जनता कांग्रेस सरकार से निराश है और भाजपा कार्यकर्ता सत्ता परिवर्तन के लिए पूरी तरह तैयार हैं।

