हिमाचल के कई इलाकों में खिल रही चटकती धूप, लोगों को ठंड से मिली राहत
प्रदेश में आगामी कुछ दिनों तक ऐसा रहेगा मौसम का हाल….
HNN/ शिमला
हिमाचल प्रदेश के कई इलाकों में दिन के समय चटकती धूप खिली हुई है। धूप खिलने से तापमान में भी कुछ बढ़ोतरी दर्ज की गई है। इसके साथ ही ठंड से भी लोगों ने राहत की सांस ली है। वहीं मौसम खुलने के बाद मनाली की प्रसिद्ध सोलंगनाला स्की ढलान में स्कीयरों कर करतब देखने को मिल रहा है।
स्थानीय स्कीयर ढलान में स्कीइंग का लुत्फ लेने के साथ इस खेल की बारीकियों का अभ्यास कर रहे हैं। उधर, मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार राज्य के सभी भागों में 16 फरवरी तक मौसम शुष्क बना रहने का पूर्वानुमान है।
वहीँ बीते दिनों हुई बारिश-बर्फबारी के चलते हिमाचल प्रदेश में अभी भी तीन नेशनल हाईवे व 143 सड़कें यातायात के लिए बंद हैं। इसके अलावा 66 बिजली ट्रांसफार्मर भी ठप होने से कई क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति बाधित है।