हिमाचल के कई भागों में आज भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी, सावधानी बरतें लोग
HNN/ शिमला
हिमाचल प्रदेश में मौसम अभी कुछ दिन और सताएगा। प्रदेश में अभी भी बारिश का दौर थमने का नाम नहीं ले रहा है। भारी बारिश के चलते जगह जगह भूस्ख़लन की घटनाएं भी सामने आ रही है। प्रदेश में भारी बारिश से अब तक कई लोगों की जान चली गई है। प्रदेश में अभी भी सैंकड़ो मार्ग वाहनों की आवाजाही के लिए बंद पड़े हुए है। जिससे कि वाहन चालकों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला की ओर से हिमाचल प्रदेश के कई भागों में आज भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी हुआ है। 16 अगस्त से बारिश की तीव्रता में कमी के आसार हैं। 20 अगस्त तक प्रदेश के कई भागों में बारिश का दौर जारी रहने का पूर्वानुमान है। आज कांगड़ा, मंडी, हमीरपुर, सोलन, ऊना जिलों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। शिमला शहर में बादल छाए रहने और कम दृश्यता की संभावना है।