हिमाचल के क्रिकेट खिलाड़ी सिद्धार्थ शर्मा का निधन, टीम के साथ गए थे गुजरात

Himachal cricketer Siddharth Sharma passed away, went to Gujarat with the team

क्रिकेट खिलाड़ी के निधन पर मुख्यमंत्री ने गहरा शोक किया व्यक्त, बोले…..

HNN / ऊना

हिमाचल प्रदेश की टीम को पहली बार विजय हजारे क्रिकेट ट्रॉफी में जीत की दहलीज पर ले जाने वाले प्रदेश के तेज गेंदबाज सिद्धार्थ शर्मा का निधन हो गया है। हिमाचल प्रदेश के ऊना जिला के तहत बसदेहड़ा के निवासी 28 वर्षीय सिद्धार्थ ने गुजरात के वडोदरा में उपचार के दौरान वीरवार रात अंतिम सांस ली।

सिद्धार्थ के निधन से क्रिकेट जगत में शोक की लहर है। बता दे कि सिद्धार्थ रणजी ट्रॉफी मैच के लिए हिमाचल प्रदेश की टीम में शामिल किए गए थे। रणजी ट्रॉफी का मैच खेलने के लिए ही सिद्धार्थ गुजरात के वडोदरा गए थे। लेकिन बीमार होने के चलते वहां वह मैच नहीं खेल पाए।

टीम प्रबंधन ने उन्हें फौरन वडोदरा के ही एक अस्पताल में भर्ती करवाया, करीब 2 सप्ताह से वह वेंटिलेटर पर थे। बीती रात उनकी तबीयत ज्यादा बिगड़ गई और उनका निधन हो गया। वही , प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने हिमाचल की विजय हजारे ट्रॉफी विजेता क्रिकेट टीम के सदस्य रहे और प्रदेश के स्टार तेज गेंदबाज सिद्धार्थ शर्मा के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है।

उन्होंने कहा कि एक युवा और प्रतिभावान खिलाड़ी के आकस्मिक निधन से वह व्यथित हैं। मुख्यमंत्री ने शोक संतप्त परिजनों के साथ अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त की हैं।