हिमाचल के 4 हजार मंदिरों में एलईडी स्क्रीन पर दिखाया जाएगा प्राण प्रतिष्ठा समारोह
HNN/ शिमला
अयोध्या में होने वाले प्राण प्रतिष्ठा समारोह को लेकर हिमाचल प्रदेश में भी काफी उल्लास है। हिमाचल में भी धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री के सरकारी आवास ओकओवर को रंग-बिरंगी लाइटों से सजाया गया है।
जानकारी के अनुसार, हिमाचल प्रदेश के 4 हजार मंदिरों में एलईडी स्क्रीन पर प्राण प्रतिष्ठा समारोह को दिखाया जाएगा। सूबे की सभी शक्तिपीठों में विशेष आयोजन किए गए हैं। हिमाचल प्रदेश से प्राण प्रतिष्ठा आयोजन में 52 संत अयोध्या पहुंच गए हैं।
मंदिरों में धार्मिक आयोजन, जगह-जगह भंडारे और शोभायात्राएं निकाली जाएंगी। प्रदेश की शक्तिपीठों, बज्रेश्वरी मंदिर, चामुंडा, ज्वालाजी, नयना देवी, चिंतपूर्णी में विशेष आयोजन होंगे। रामपुर में हनुमानघाट मंदिर से लोगों को दर्शन के लिए 181 साल बाद श्रीराम की मूर्ति बाहर निकाली जाएगी। इसके अलावा व्यापारी 200 किलो लड्डू बांटेगे।