हिमाचल दिवस: रिज पर मनाया जाएगा राज्यस्तरीय समारोह, राज्यपाल होंगे मुख्यातिथि
समारोह की तैयारियों को लेकर उपायुक्त अनुपम कश्यप की अध्यक्षता में बैठक आयोजित
HNN/ शिमला
हिमाचल दिवस का राज्यस्तरीय समारोह 15 अप्रैल को ऐतिहासिक रिज मैदान पर हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा। राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल समारोह के मुख्य अतिथि होंगे।
समारोह की तैयारियों को लेकर आयोजित बैठक की अध्यक्षता करते हुए उपायुक्त शिमला अनुपम कश्यप ने कहा कि कार्यक्रम में आकर्षक परेड का आयोजन किया जाएगा, जिसमें शिमला पुलिस, यातायात पुलिस, होमगार्ड, एनएसएस, स्काउट एंड गाइड, एसडीआरएफ, भारतीय पुलिस रिज़र्व वाहिनी आदि शामिल रहेंगे, जिनका पूर्वाभ्यास 10 अप्रैल से होगा।
इसी प्रकार समारोह में सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया जाएगा, जिसमें हमीरपुर, सिरमौर, मंडी और कांगड़ा जिला के उत्कृष्ट सांस्कृतिक दल अपनी प्रस्तुति देंगे। समारोह में हिमाचल प्रदेश पुलिस और हिमाचल होमगार्ड बैंड आकर्षण का केंद्र रहेंगे। उपायुक्त ने निर्देश देते हुए कहा कि सभी निमंत्रण पत्र समय रहते भिजवा दिए जाएं।
इसके अतिरिक्त उन्होंने समारोह में स्वतंत्रता सेनानियों के लिए बेहतर प्रबंध करने के निर्देश दिए। अनुपम कश्यप ने समारोह स्थल पर साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखने ओर बेहतर सजावट सुनिश्चित करने के साथ साथ सभी विभागों को समन्वय के साथ कार्य करते हुए सभी तैयारियां तय समय सीमा तक पूर्ण करने के भी निर्देश दिए। बैठक का संचालन सहायक आयुक्त गोपाल चंद शर्मा ने किया।