Loading...

हिमाचल नाऊ न्यूज़सिरमौर में 10 जुलाई को सभी सरकारी-निजी शिक्षण संस्थान और आंगनबाड़ी केंद्र बंद

Shailesh Saini • 10 Jul 2026 • 1 Min Read

डीसी प्रियंका वर्मा ने जारी किए आदेश, भारी बारिश और भूस्खलन के खतरे के बीच एहतियाती कदम

हिमाचल नाऊ न्यूज नाहन

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) द्वारा 10 जुलाई के लिए जिला सिरमौर में भारी से अत्यधिक भारी वर्षा की चेतावनी जारी किए जाने तथा लगातार हो रही बारिश के चलते उत्पन्न आपदा की आशंका को देखते हुए जिला दंडाधिकारी एवं अध्यक्ष, जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण सिरमौर प्रियंका वर्मा ने जिले के सभी सरकारी एवं निजी शिक्षण संस्थानों तथा आंगनबाड़ी केंद्रों को 10 जुलाई 2026 (शुक्रवार) को बंद रखने के आदेश जारी किए हैं।

जारी आदेशों में कहा गया है कि लगातार वर्षा के कारण जिले के ग्रामीण और पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन, फ्लैश फ्लड, पेड़ों के गिरने तथा सड़कें अवरुद्ध होने की आशंका बढ़ गई है। ऐसे हालात में विद्यार्थियों के आवागमन और जनसुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय एहतियातन लिया गया है।

जिला दंडाधिकारी ने आपदा प्रबंधन अधिनियम, 2005 की धारा 30 के तहत प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए सभी सरकारी एवं निजी शिक्षण संस्थानों और आंगनबाड़ी केंद्रों को बंद रखने के निर्देश दिए हैं। हालांकि आदेश के अनुसार सभी शिक्षकों तथा गैर-शिक्षण कर्मचारियों को अपने संस्थानों में उपस्थित रहना होगा और उन्हें इस आदेश से छूट नहीं दी गई है।

जिला प्रशासन ने सभी संबंधित विभागों, शैक्षणिक संस्थानों और प्रशासनिक अधिकारियों को आदेशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही अभिभावकों से भी अपील की गई है कि वे बच्चों को घर से बाहर न भेजें और मौसम विभाग तथा प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।नाहन से हिमाचल नाऊ न्यूज़ के लिए शैलेश सैनी की रिपोर्ट।

Related Topics: