हिमाचल नाऊ न्यूज की खबर का हुआ असर, नगर परिषद ने माल रोड पार्किंग से हटवाए ठेकेदार के कंडम वाहन
समय सीमा समाप्त होने के बाद भी सरकारी पार्किंग पर था कब्जा, खबर प्रकाशित होते ही हरकत में आया नगर परिषद प्रशासन
हिमाचल नाऊ न्यूज नाहन
हिमाचल नाऊ न्यूज द्वारा प्रमुखता से उठाए गए माल रोड पार्किंग के मुद्दे का असर देखने को मिला है। नगर परिषद नाहन ने कार्रवाई करते हुए ठेकेदार द्वारा सरकारी पार्किंग में खड़े किए गए कंडम वाहनों को हटवाना शुरू कर दिया है। इससे अब लंबे समय से पार्किंग की समस्या से जूझ रहे शहरवासियों को राहत मिलने की उम्मीद जगी है।
गौरतलब है कि हिमाचल नाऊ न्यूज ने प्रमुखता से खबर प्रकाशित कर सवाल उठाया था कि माल रोड स्थित सरकारी पार्किंग का ठेका 4 सितंबर को समाप्त होने के बावजूद पार्किंग स्थल खाली क्यों नहीं कराया गया। खबर में यह भी मुद्दा उठाया गया था कि शहर में पार्किंग के लिए लोग जगह-जगह भटक रहे हैं, जबकि आम जनता और पर्यटकों की सुविधा के लिए बनाई गई महत्वपूर्ण सरकारी पार्किंग में कंडम वाहन खड़े कर रखे गए थे।
खबर में यह सवाल भी उठाया गया था कि ठेके की अवधि समाप्त होने के बाद यदि पार्किंग शुल्क की वसूली की जा रही है तो वह किस आधार पर हो रही है और इसकी जवाबदेही किसकी होगी।मामला सामने आने के बाद नगर परिषद प्रशासन हरकत में आया और पार्किंग स्थल को खाली करवाने की कार्रवाई शुरू की गई।
तस्वीरों में साफ देखा जा सकता है कि जहां पहले सरकारी पार्किंग में ठेकेदार के कई पुराने और कंडम वाहन खड़े थे, वहीं अब उन्हें हटाकर पार्किंग को आम लोगों के उपयोग के लिए खाली करवाया जा रहा है।माल रोड की यह पार्किंग नाहन शहर के सबसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में शामिल है और यहां हिमाचल निर्माता डॉ. यशवंत सिंह परमार की प्रतिमा भी स्थापित है।
ऐसे प्रमुख स्थान पर सरकारी पार्किंग का लंबे समय तक आम लोगों की बजाय अन्य वाहनों के कब्जे में रहना शहरवासियों के लिए परेशानी का कारण बना हुआ था।शहरवासियों ने हिमाचल नाऊ न्यूज द्वारा इस जनहित के मुद्दे को प्रमुखता से उठाने के बाद हुई कार्रवाई का स्वागत किया है।
लोगों का कहना है कि अब पार्किंग को पूरी तरह व्यवस्थित कर आम जनता और बाहर से आने वाले पर्यटकों के लिए उपलब्ध कराया जाना चाहिए।नगर परिषद द्वारा अब पार्किंग को खाली करवाए जाने के बाद सबसे बड़ी उम्मीद यह है कि जल्द ही इसका नया टेंडर कराकर व्यवस्थित पार्किंग व्यवस्था शुरू की जाएगी, ताकि नाहन शहर में लगातार गंभीर होती पार्किंग समस्या से लोगों को कुछ राहत मिल सके।