हिमाचल प्रदेश कर्मचारी चयन आयोग पेपर लीक मामला: ओएमआर शीट का सौदा हुआ था, नहीं प्रश्नपत्र का!
HNN/हमीरपुर
हिमाचल प्रदेश स्टाफ सेलेक्शन कमीशन (HPSSC) के पेपर लीक मामले में एक नया खुलासा हुआ है। जांच में पता चला है कि प्रश्नपत्र का नहीं, बल्कि ओएमआर शीट का सौदा हुआ था। ओएमआर शीट टेंपर कर सवालों के जवाब बदले गए थे। यह खुलासा पोस्ट कोड 822 असिस्टेंट स्टोरकीपर की भर्ती परीक्षा में दर्ज 14वीं एफआईआर की जांच में हुआ है।
आरोपी अमित रावत ने टॉप किया था और उसने एक लाख रुपये में ओएमआर शीट का सौदा किया था। इस सौदे के तहत ओएमआर शीट को टेंपर किया गया और सवालों के जवाब बदले गए थे। यह भर्ती परीक्षा साल 2021 में शुरू हुई थी और इसका नतीजा मार्च 2022 में घोषित किया था।
इस मामले में कई और लोगों पर गिरफ्तारी की तलवार लटकी हुई है। विजिलेंस मंडी के एसपी कुलभूषण वर्मा ने कहा कि दोनों आरोपियों अमित रावत व ढाबा मालिक दलाल सोहन को 28 अगस्त को अदालत में पेश किया जाएगा। मामले में एक अन्य अभ्यर्थी रेखा कुमारी, सेवानिवृत्त अंडर सेक्रेटरी युद्धवीर सिंह और दलाल रवि कुमार की अंतरिम जमानत याचिका पर सुनवाई 28 अगस्त को होगी।