Loading...

हिमाचल प्रदेश के इंजीनियरिंग कॉलेजों में शुरू किए जाएंगे पीएचडी कोर्स

Ankita • 28 Jul 2023 • 1 Min Read

HNN/ हमीरपुर

जिला में तकनीकी विवि हमीरपुर की शैक्षणिक परिषद की 31वीं बैठक आयोजित हुई। इस बैठक की अध्यक्षता विवि के कुलपति प्रो. शशि कुमार ने की। बैठक में कॉलेजों में पीएचडी शुरू करने के प्रस्ताव पर चर्चा हुई। बैठक में कोर्स शुरू करने को लेकर अधिष्ठाता शैक्षणिक की अध्यक्षता में कमेटी गठित करने को स्वीकृति दी गई। बता दें हिमाचल प्रदेश के इंजीनियरिंग कॉलेजों में पीएचडी कोर्स शुरू किए जाएंगे।

इंजीनियरिंग कॉलेज प्रगतिनगर, सुंदरनगर, नगरोटा बंगवा, हाइड्रो इंजीनियरिंग कॉलेज बिलासपुर और ज्यूरी (रामपुर) में ये कोर्स शुरू होंगे। बैठक में विभिन्न विषयों के नए पाठ्यक्रम शुरू करने की भी मंजूरी प्रदान की गई, जो बोर्ड ऑफ स्टडीज में पारित किए गए हैं। इस दौरान शहीद कैप्टन विक्रम बतरा महाविद्यालय में ऑफ कैंपस शुरू कर यहां इंजीनियरिंग कोर्स शुरू करने का प्रस्ताव भी रखा गया।

फैसला लिया गया कि इसको लेकर सरकार को प्रस्ताव भेजा जाएगा। मंजूरी मिलने के बाद यहां पर ऑफ कैंपस शुरू कर इंजीनियरिंग की पढ़ाई शुरू की जाएगी। कुलपति ने कहा कि सभी इंजीनियरिंग, फार्मेसी सहित अन्य स्नातक-स्नातकोत्तर विषयों का नया पाठ्यक्रम शिक्षा नीति के अनुरूप तैयार किया गया है। इसमें चार साल की इंटिग्रेटेड डिग्री का प्रावधान रखा है। इसमें भारतीय ज्ञान प्रणाली को भी विशेष रूप से शामिल है।