हिमाचल प्रदेश : माता श्री चिंतपूर्णी महोत्सव को मिला राज्य स्तरीय दर्जा
HNN/ऊना
हिमाचल प्रदेश के उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने माता श्री चिंतपूर्णी महोत्सव की पहली सांस्कृतिक संध्या में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करते हुए महोत्सव को राज्य स्तरीय दर्जा प्रदान करने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि यह महोत्सव हर वर्ष पूरी धूम-धाम से मनाया जाएगा और इसका स्वरूप समय के साथ और भव्य होगा।
उप मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि महोत्सव में देश-विदेश के जाने-माने कलाकारों की प्रस्तुतियां भी देखने को मिलेंगी। उन्होंने प्रशासन को अगले साल महोत्सव की एक रात पूरी तरह स्थानीय कलाकारों के नाम रखने के निर्देश दिए। साथ ही, उन्होंने यह भी सुनिश्चित करने को कहा कि आगे से महोत्सव में कलाकारों की कुल अदायगी का 50 प्रतिशत पैसा हिमाचली कलाकारों के हिस्से आए।
उप मुख्यमंत्री ने माता चिंतपूर्णी मंदिर के विकास के लिए 250 करोड़ रुपये की घोषणा की, जिसमें पहली किश्त में 70 करोड़, दूसरी में 80 करोड़ और तीसरी किश्त में 100 करोड़ रुपये से मंदिर का सौंदर्यीकरण किया जाएगा। इसके अलावा, उन्होंने अम्ब में नया बस अड्डा और जल शक्ति विभाग का विश्राम गृह बनाने की घोषणा भी की।