Loading...

हिमाचल प्रदेश में प्राकृतिक खेती से तैयार मक्की का आटा बेचने की नई पहल

NEHA • 10 Oct 2024 • 1 Min Read

HNN/शिमला

हिमाचल प्रदेश सरकार ने प्राकृतिक खेती से तैयार मक्की का आटा बेचने की योजना शुरू की है। इसके लिए प्रदेश भर में 3,218 प्रमाणित किसानों को चुना गया है, जो प्राकृतिक खेती करते हैं। सरकार किसानों से 30 रुपये प्रतिकिलो के हिसाब से मक्की खरीदेगी, जो बाजार में आम तौर पर मिलने वाले 18 से 20 रुपये प्रतिकिलो से अधिक है।

इस योजना के तहत पहले चरण में सरकार किसानों से 5,000 क्विंटल मक्की खरीदेगी। प्रति किसान से अधिकतम 20 क्विंटल तक मक्की खरीदी जाएगी। किसान प्राकृतिक खेती में जीवामृत, घनजीवामृत, नीमास्त्र और ब्रह्मास्त्र जैसे जैविक घटकों का उपयोग कर जहरमुक्त ऊपज तैयार कर रहे हैं। सरकार इस आटे की ब्रांडिंग कर एक और दो किलो की पैकिंग में लोगों को शुद्ध आटा बेचकर मुनाफा कमाएगी।

प्राकृतिक खेती खुशहाल किसान योजना के तहत यह पहल शुरू की गई है। इसके तहत सरकार प्राकृतिक खेती करने वाले किसानों से अनाज खरीदेगी। प्रदेश में 25 खरीद केंद्र बनाए गए हैं और 25 अक्तूबर से किसानों से मक्की खरीदना शुरू किया जाएगा। हिमाचल प्रदेश में 1,94,285 किसान-बागवान परिवारों ने प्राकृतिक खेती को अपनाया है और 34,342 हेक्टेयर भूमि पर प्राकृतिक खेती की जा रही है।