Loading...

हिमाचल प्रदेश में बंद का व्यापक असर, कारोबारियों ने निकाली रैलियां

PARUL • 15 Sep 2024 • 1 Min Read

HNN/शिमला

हिमाचल प्रदेश में शनिवार को बंद का व्यापक असर दिखा। प्रदेश में कारोबारियों ने रैलियां निकालीं। हिंदू संगठनों और व्यापार मंडल की कॉल पर दो से तीन घंटे दुकानें बंद रखीं। हनुमान चालीसा का पाठ भी किया। इस दौरान बाहर से आने वाले लोगों के पंजीकरण की मांग उठाई गई। साथ ही संजौली में प्रदर्शनकारियों पर लाठीचार्ज की निंदा की गई।

ऊना, अंब और दौलतपुर चौक क्षेत्र में दो घंटे तक बाजार बंद रखे गए। रामपुर में शनिवार को बाजार बंद रहा। रोहड़ू में एक बजे तक दुकानें बंद रहीं। जिला मुख्यालय कुल्लू में हिंदू संगठनों ने शनिवार को धरना-प्रदर्शन किया। संगठनों ने रामशिला से लेकर ढालपुर एसडीएम कार्यालय तक प्रदर्शन कर नारेबाजी की। सैकड़ों की संख्या में एकत्रित लोगों ने हुए हिंदुओं ने कुल्लू के अखाड़ा बाजार में बनी मस्जिद को हटाने की बात कही। इस दौरान रामशिला में हनुमान चालीसा का पाठ कर धरना शुरू किया।

व्यापार मंडलों के आह्वान पर किए गए बंद में सभी दुकानदारों ने सहयोग किया। भुंतर में कुछ मॉल को व्यापार मंडल ने बंद करवाया। कुल्लू, मनाली, पतलीकूहल, बंजार में बाजार दो से तीन घंटे बंद रखे गए। किसी तरह का विवाद न हो, इसके लिए भारी पुलिस बल तैनात किया गया था।