NDPS : पुरुवाला में 9.43 ग्राम चिट्टा और 56 ट्रामाडोल कैप्सूल बरामद , आरोपी गिरफ्तार
NDPS: सिरमौर पुलिस की SIU टीम ने पुरुवाला में एक व्यक्ति के कब्जे से 9.43 ग्राम चिट्टा या स्मैक और 56 SPASPEACE ट्रामाडोल कैप्सूल बरामद करने का दावा किया है। आरोपी को गिरफ्तार कर माजरा पुलिस थाने में ND&PS अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। एक अन्य कार्रवाई में पच्छाद पुलिस ने शरगांव स्थित चाय के ढाबे से आठ बोतल देसी शराब बरामद कर आबकारी अधिनियम के तहत केस दर्ज किया है।
सिरमौर/पांवटा साहिब
पुलिस के अनुसार, 20 सितंबर 2026 को SIU नाहन की टीम पुरुवाला में पोंटिका कंपनी के पास गश्त कर रही थी। इसी दौरान टीम को एक व्यक्ति के पास नशीले कैप्सूल और चिट्टा होने की गुप्त सूचना मिली। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए संदिग्ध व्यक्ति को रोककर पूछताछ और तलाशी ली। उसने अपनी पहचान शाहरुख खान पुत्र गुलशेर अली, निवासी पुरुवाला कांशीपुर, तहसील पांवटा साहिब के रूप में बताई।
तलाशी के दौरान पुलिस टीम ने आरोपी के कब्जे से 9.43 ग्राम चिट्टा या स्मैक और कुल 56 SPASPEACE ट्रामाडोल कैप्सूल बरामद किए। इसके बाद आरोपी को गिरफ्तार कर उसके विरुद्ध माजरा पुलिस थाने में नारकोटिक ड्रग्स और साइकोट्रोपिक पदार्थ अधिनियम के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया। पुलिस ने बताया कि मामले में आगामी जांच जारी है।
पच्छाद में आठ बोतल देसी शराब बरामद
इसी दिन पच्छाद पुलिस थाने की टीम ने गश्त के दौरान मिली गुप्त सूचना के आधार पर शरगांव में एक चाय के ढाबे पर कार्रवाई की। पुलिस के मुताबिक, कुलदीप उर्फ बबलू पुत्र मान सिंह, निवासी शरगांव, तहसील राजगढ़ के ढाबे से आठ बोतल देसी शराब बरामद की गईं। आरोपी के विरुद्ध हिमाचल प्रदेश आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है और पुलिस ने आगामी जांच शुरू कर दी है।