हिमाचल प्रदेश में शिक्षकों और गैर शिक्षकों को नोटिस जारी किए जाएंगे
HNN/शिमला
शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने कहा कि बाहरी राज्यों में प्रतिनियुक्ति पर डटे शिक्षकों और गैर शिक्षकों को नोटिस जारी किए जाएंगे। शिक्षा मंत्री ने कई वर्षों से बाहरी राज्यों में डेपुटेशन पर गए शिक्षकों, अधिकारियों का रिकॉर्ड तलब किया है। ऐसे शिक्षकों, अधिकारियों को प्रदेश के स्कूल-कॉलेजों में तैनाती दी जाएगी।
विभागीय कामकाज की समीक्षा करते हुए शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने किराए के भवनों में चल रहे कॉलेजों को मर्ज किए गए स्कूलों में शिफ्ट करने के निर्देश दिए। विद्यालयों में वार्षिक समारोह 30 नवंबर से पहले और महाविद्यालयों में वार्षिक समारोह 20 फरवरी तक आयोजित किए जाने का भी फैसला लिया गया।
शीतकालीन और ग्रीष्मकालीन विद्यालयों में छुट्टियों को लेकर अधिकारियों से सुझाव लिए गए। शिक्षा मंत्री ने निर्देश दिए कि विद्यार्थियों की शिक्षा के लिए दृढ़ समर्पित शिक्षक ही अगली बार से एक्सपोजर विजिट पर भेजे जाएं। बैठक में समग्र शिक्षा की ओर से तीसरी, छठी और नौंवी कक्षा के विद्यार्थियों के राष्ट्रीय उपलब्धि सर्वेक्षण में प्रदर्शन को लेकर प्रस्तुति भी दी गई।