Loading...

हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय में हुई हिंसा में शामिल 12 छात्र निष्कासित

Ankita • 23 Nov 2023 • 1 Min Read

HNN/ शिमला

हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय प्रशासन ने बुधवार को 12 छात्रों को विश्वविद्यालय से निष्कासित कर दिया। इन छात्रों को सोमवार को हुई हिंसा में शामिल होने के आरोप में निष्कासित किया गया है। इस हिंसा के जारी हुए वीडियो के आधार पर यूनिवर्सिटी प्रशासन की ओर से गठित कमेटी ने इन छात्रों के खिलाफ कार्यवाही की है।

इन छात्रों के यूनिवर्सिटी में प्रवेश पर भी पूरी तरह से रोक लगा दी गई है। बता दें मामले की आगे की जांच में अगर और विद्यार्थी भी हिंसक झड़प में संलिप्त पाए जाते हैं तो उनके खिलाफ भी कार्यवाही अमल में लाई जाएगी।

गौरतलब है कि बीते सोमवार को विश्वविद्यालय में एसएफआई व एनएसयूआई के छात्र नेताओं के बीच झड़प होने के बाद दोनों छात्र संगठनों के पदाधिकारियों ने इसके लिए एक-दूसरे को दोषी ठहराया था। झड़प में 4 छात्र नेताओं को चोटें आई थीं।

इसके बाद बीते मंगलवार को विश्वविद्यालय में सुबह प्रदर्शन भी हुए थे, इसके बाद शाम के समय छात्र नेताओं को हिरासत में लेने पर एसएफआई के कार्यकर्ताओं ने बालूगंज थाने के बाहर प्रदर्शन किया था। उधर, हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय के प्रो-वाइस चांसलर प्रो. राजेंद्र वर्मा ने माना कि हिंसक झड़प में शामिल विद्यार्थियों को निष्कासित करने का फैसला लिया है।