हिमाचल में अंधड़ से तबाही: फसलों को पहुंचा नुकसान, जगह-जगह गिरे पेड़
HNN/ शिमला
हिमाचल प्रदेश के कई भागों में ऑरेंज अलर्ट के बीच बारिश के साथ अंधड़ ने जमकर तबाही मचाई है। वहीं प्रदेश के ऊपरी क्षेत्रों में ताजा हिमपात हुआ है। गेहूं की फसल को भी भारी नुकसान हुआ है। अंधड़ से गेहूं की फसल खेतों में बिछ गई है। अंधड़ के कारण जगह-जगह पेड़ जड़ से उखड़ गए हैं।
प्रदेश की राजधानी शिमला में झमाझम बारिश दर्ज की गई है। कुल्लू जिले की सैंज घाटी में भारी बारिश के कारण न्यूली शेंशर सड़क बंद हो गई। बारिश के कारण बड़ा पेड़ सड़क में आकर गिरा। इससे वाहनों की आवाजाही बाधित हो गई। पेड़ गिरने से एचटी लाइन भी टूटी।
एचटी लाइन टूटने से बिजली की आपूर्ति भी बाधित हो गई है। वहीं, औट-बंजार-सैंज हाईवे 305 जलोडी दर्रा में हुई ताजा बर्फबारी से बंद हो गया। आनी से कुल्लू आ रही निगम की एक बस जलोड़ी दर्रा में फंस गई और सवारियों को पैदल ही दर्रा को लांघ तक सोझा तक पैदल आना पड़ा है।