हिमाचल में अब इस दिन होगी बहुतकनीकी संस्थानों में स्पाट राउंड काउंसलिंग…..
HNN/ मंडी
हिमाचल प्रदेश में बहुतकनीकी संस्थानों में प्रवेश के लिए स्पाट राउंड काउंसलिंग अब 21-22 अगस्त को होगी। राजकीय और निजी बहुतकनीकी संस्थानों, एमएसएमई टेक्नोलॉजी सेंटर बद्दी में वर्ष 2023-24 सत्र के लिए प्रथम वर्षीय डिप्लोमा कोर्स और लीट में खाली बची सीटों को भरने के लिए 16-17 अगस्त को काउंसलिंग होनी थी, लेकिन भारी बरसात के चलते काउंसलिंग स्थगित कर दी गई।
अब द्वितीय वर्ष में प्रवेश के लिए 21 अगस्त, जबकि प्रथम वर्ष में प्रवेश के लिए 22 अगस्त को काउंसलिंग होगी। तकनीकी शिक्षा व्यावसायिक एवं औद्योगिक प्रशिक्षण के निदेशक विवेक चंदेल ने बताया कि इच्छुक अभ्यर्थी विशेष स्पॉट राउंड काउंसलिंग में भाग लेने के लिए संस्थान स्तर पर व्यक्तिगत रूप में भाग लेना सुनिश्चित करें।
अभ्यर्थियों से संस्थान स्तर पर पूर्व निर्धारित नियमों के तहत प्रवेश के लिए उनके एप्लीकेशन फार्म दैनिक आधार पर प्रातः 9 से दोपहर 12 बजे तक लिए जाएंगे। उसके बाद वरीयता सूची बनाई जाएगी। दोपहर बाद 1:30 बजे से वरीयता सूची के अनुसार खाली सीटों के लिए बहुतकनीकी प्रवेश विवरण पुस्तिका में दिए गए निर्धारित नियमानुसार प्रवेश प्रक्रिया आरंभ की जाएगी।
जिस अभ्यर्थी को सीट प्राप्त होगी उसे उसी समय सभी शुल्क जमा करने होंगे। रिक्त सीटों के विवरण, अन्य जानकारी के लिए अभ्यर्थी तकनीकी शिक्षा की बेवसाइट का अवलोकन या सभी कार्य दिवसों पर टोल फ्री नंबर 18001808025 पर संपर्क कर सकते हैं।