Loading...

हिमाचल में कांग्रेसी ही करेंगे कांग्रेस सरकार का तख्तापलट

Ankita 5 Jul 2023 Edited 5 Jul 1 min read

चुनावी गारंटीओं से भाग रही है कांग्रेस सरकार- त्रिलोक कपूर

HNN/ नाहन

हिमाचल प्रदेश सरकार की गारंटीयां ही सरकार को ले डूबेगी। हिमाचल प्रदेश में महाराष्ट्र की तर्ज पर कांग्रेस ही अपनी सरकार का तख्तापलट करने की तैयारी कर रही है। यह बात हिमाचल प्रदेश भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता व पूर्व में वूल फेडरेशन के चेयरमैन रहे त्रिलोक कपूर ने नाहन में मोदी सरकार के 9 वर्ष पूरे होने के उपरांत जनसंपर्क अभियान के तहत दौरे के दौरान पत्रकार वार्ता में कही।

उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश सरकार चुनाव से पूर्व जो गारंटीया प्रदेश के लोगों से की गई थी उनसे भाग रही है। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश में भी प्रफुल पटेल की तर्ज पर कांग्रेस के नेता तख्तापलट की तैयारी का मन बना रहे हैं। त्रिलोक कपूर ने कहा कि कांग्रेस सरकार का पतन उनकी झूठी चुनावी गारंटियों के सहारे होने वाला है।

उन्होंने प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू व उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री से मांग की कि गत 6 माह में केंद्र सरकार द्वारा जो सहयोग हिमाचल को दिया गया है उसका खुलासा किया जाए। वूल फेडरेशन के पूर्व चेयरमैन त्रिलोक कपूर ने कहा कि हिमाचल प्रदेश की कांग्रेस सरकार कंफ्यूज सरकार है तथा चुनाव से पूर्व प्रदेश की जनता के साथ जो गारंटीओं का वादा किया गया था उन्हें जमीन पर उतारने का रास्ता कांग्रेस को नहीं मिल रहा है।

ऐसे में कांग्रेस सरकार को उनकी झूठी गारंटियाँ ही उन्हें सत्ता से बाहर करेगी। तिलोक कपूर ने देश में नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में 9 वर्ष पूरे होने के दौरान किए गए अभूतपूर्व कार्यों का खुलासा करते हुए कहा कि देश में नया विकास का अध्याय 9 वर्षों में लिखा गया है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 से 2023 के बीच नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने जो कार्य किए हैं उसे देश से गरीबी लगभग समाप्त होने को है।

उन्होंने कहा के लाल किले में संबोधन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जो आश्वासन दिए थे उन्हें मूर्त रूप दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि देशभर में धुआं मुक्त चूल्हे, शौचालय, जीरो बैलेंस बैंक खाते, उज्जवला योजना, आयुष्मान भारत, जन धन योजना ऐसी दर्जनों योजनाएं हैं जो देश भर में क्रांतिकारी साबित हो रही है। उन्होंने कहा कि हिमाचल की सड़कों पर करोडों रुपए की लागत से नेशनल हाईवे व एक्सप्रेस एक्सप्रेस-वे का निर्माण किया जा रहा है।

त्रिलोक कपूर ने कहा कि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश की चौथी बंदे भारत ट्रेन हिमाचल प्रदेश को दी है जिससे हिमाचल प्रदेश की आर्थिक स्थिति में अभूतपूर्व बदलाव आएगा। उन्होंने कहा कि आज पार्टी का हर कार्यकर्ता केंद्र सरकार के 9 वर्ष की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचा रहा है।

हिमाचल प्रदेश में एम्स, मेडिकल कॉलेज के साथ-साथ सिरमौर जिला में इंडियन इंस्टिट्यूट ऑफ़ मैनेजमेंट जैसे संस्थान केंद्र सरकार ने देकर सिरमौर जिला का नाम देशभर में शिक्षा के मानचित्र पर पहुंचाया है। त्रिलोक कपूर ने कहा कि हिमाचल प्रदेश की सड़कों के लिए देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने जो योगदान दिया है वह अभूतपूर्व है।

इस अवसर पर शिमला लोकसभा के सांसद सुरेश कश्यप, हिमाचल प्रदेश में पूर्व सरकार के कार्यकाल के दौरान ऊर्जा मंत्री रहे सुखराम चौधरी, भाजपा के जिला अध्यक्ष विनय गुप्ता, कृषि विपणन बोर्ड के पूर्व चेयरमैन बलदेव भंडारी, हिमाचल प्रदेश सिविल सप्लाई कारपोरेशन के पूर्व उपाध्यक्ष बलदेव तोमर, पच्छाद की विधायक रीना कश्यप, नाहन के मंडल अध्यक्ष प्रताप ठाकुर, रेणुका मंडल अध्यक्ष राजेंद्र ठाकुर, रेणुका विधानसभा क्षेत्र से भाजपा के पूर्व प्रत्याशी नारायण चौहान आदि पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित थे।

हिमाचल निर्माता डॉ वाईएस परमार के पैतृक क्षेत्र बागथान की बनेठी-बागथन-राजगढ़ सड़क की खस्ता हालत को लेकर शिमला लोकसभा के सांसद सुरेश कश्यप ने कहा कि इस मार्ग के निर्माण के लिए 44 करोड़ की राशि स्वीकृत की जा चुकी है। इसमें राजगढ़ से शैलेच तक का कार्य 18.40 करोड़ की लागत से पूरा हो चुका है। जबकि बनेठी बागथन-राजगढ़ मार्ग पर करीब 26 करोड़ की राशि खर्च की जाएगी.

Related Topics: