हिमाचल में गेहूं की बिक्री के लिए किसान आज से कर सकेंगे पंजीकरण
प्रदेश में इन केंद्रों पर होगी गेहूं की खरीद…….
HNN/ शिमला
हिमाचल प्रदेश में आज 4 अप्रैल से किसानों से गेहूं की फसल की खरीदारी शुरू होगी। प्रदेश सरकार ने इस बार 10 हजार मीट्रिक टन गेहूं की फसल खरीदने का लक्ष्य निर्धारित किया है। इस बार किसानों को गेहूं खरीद का न्यूनतम समर्थन मूल्य 2275 रुपये प्रति क्विंटल तय किया गया है।
बता दें किसानों से राज्य सरकार उनके केंद्रों पर ही उनसे गेहूं खरीदेगी। इसके लिए प्रदेश के विभिन्न स्थानों पर 10 गेहूं खरीद केंद्र बनाए गए हैं। इसमें अनाज मंडी फतेहपूर, मीलवां, इंदौरा, रियाली, नगरोटा बगवां टांडा कोहली, धौलाकुआं, पावंटा साहिब जिला सिरमौर, मार्केट यार्ड नालागढ़, मलपुर बद्दी जिला सोलन व मार्केट यार्ड टकारला, रामपुर व जिला ऊना शामिल हैं।
सिरमौर के किसान भी गेहूं की फसल को जिले में दो अनाज मंडियों धौलाकुआं व पांवटा साहिब में बेच सकेंगे। इसको लेकर स्लॉट के लिए ऑनलाइन पंजीकरण 4 अप्रैल से शुरू हो गया है। ऐसे में किसान अपने स्लॉट के हिसाब से पंजीकरण करवाने के बाद अपनी फसल को निर्धारित तिथि पर बेच सकेंगे।
पिछले करीब 2 साल से ऑनलाइन पंजीकरण के माध्यम से किसान अपनी फसलों को बेच रहे हैं। hpappp.nic.in/ पोर्टल पर ऑनलाइन पंजीकरण के बाद किसानों को भीड़ का सामना भी नहीं करना पड़ेगा। संबंधित विभाग की तरफ से गेहूं खरीद को लेकर सभी प्रकार की तैयारियां कर ली गई हैं ताकि किसानों को किसी प्रकार की समस्या का सामना न करना पड़े।