हिमाचल में जल शक्ति विभाग में 4500 पंप ऑपरेटर व पैरा फिटर की जल्द शुरू होगी भर्ती
HNN/शिमला
हिमाचल प्रदेश के जल शक्ति विभाग में 4500 पैरा वर्कर कर्मचारियों की भर्ती की जाएगी। पंप ऑपरेटर, पैरा फिटर और मल्टीपर्पज वर्कर भर्ती होंगे। जल शक्ति विभाग ने इनकी भर्ती के लिए नियम तय कर अधिसूचना जारी कर दी है। यह कर्मचारी शिमला, हमीरपुर, मंडी और धर्मशाला जोन में रखे जाएंगे। विभाग ने भर्ती के लिए अधीक्षण, अधिशासी अभियंता और अधीक्षक की कमेटी गठित की है।
तीन सदस्यीय कमेटी मल्टीपर्पज वर्करों का चयन करेगी। पंचायत स्तर पर कर्मचारियों की तैनाती की जानी है। कैबिनेट से इन पदों को भरने की मंजूरी मिली थी। आईटीआई और डिप्लोमा प्राप्त अभ्यर्थियों को प्राथमिकता मिलेगी। आवेदन करने वाले का 10वीं पास होना जरूरी है। वर्कर पॉलिसी के तहत तैनाती होगी।
जलशक्ति विभाग कर्मचारियों को 5,500 रुपये तक मासिक मानदेय देगा। इनका मुख्य काम पानी के पंप स्टेशन, स्टोरेज टैंक की देखरेख समेत सप्लाई देने का होगा और इनसे 6 घंटे काम लिया जाएगा। सरकार के इस फैसले से बेरोजगारों को रोजगार और जनता को राहत मिलेगी।