Loading...

हिमाचल में बदला मौसम का मिजाज़, रोहतांग दर्रा, पांगी समेत ऊंची चोटियों पर हुई बर्फ़बारी

Ankita • 26 Jan 2024 • 1 Min Read

HNN/ शिमला

हिमाचल में पड़ रहे सूखे के बीच मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है। बता दें आज शुक्रवार को प्रदेशभर में सुबह अचानक मौसम बदला और राजधानी शिमला सहित प्रदेश के कई जिलों में हल्की धूप खिलने के साथ बादल छाए हुए हैं।

इस दौरान रोहतांग दर्रा, धुंधी इलाके में और पांगी सहित राज्य के अन्य उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में बर्फबारी का दौर शुरू हुआ। लाहौल घाटी के कई इलाकों ने भी बर्फ की सफेद चादर ओढ़ ली है। वहीं, चंबा जिले के जनजातीय क्षेत्र पांगी में हल्की बर्फबारी दर्ज की गई है।

मौसम में आए बदलाव के बाद तापमान में भी कुछ गिरावट दर्ज की गई। पिछले कई महीनों से बारिश न होने के कारण प्रदेश में सूखे की स्थिति उत्पन्न हो गई है। पानी के स्रोतों में पानी बहुत कम हो गया है। पानी की कमी से किसानों की फसलें सूखने की कगार पर हैं। डीएसपी मनाली केडी शर्मा ने बताया कि अटल टनल इलाके में लगभग एक इंच बर्फबारी हुई है।