हिमाचल में भीषण अग्निकांड: दो परिवारों के सिर से छीनी छत, तन पर पहले कपड़ों के सिवा कुछ ना बचा…

By SAPNA THAKUR Published: 12 Jan 2023, 11:41 AM | Updated: 12 Jan 2023, 11:41 AM 1 min read

HNN/ मंडी

हिमाचल प्रदेश में देर रात को भीषण अग्निकांड हुआ जिससे दो परिवारों के सिर से छत छीन गई है। इस दौरान दो भाइयों के 8 कमरों का मकान जलकर राख हो गया जिससे दोनों परिवारों के लोग बेघर हो गए हैं। वही मकान में आग किन कारणों से लगी है इसका खुलासा अभी तक नहीं हो पाया है। मामला मंडी जिला के द्रंग इलाके की दुर्गम चौहारघाटी का है। यहाँ देर रात दो भाइयों रूप लाल और प्रेम सिंह के मकान में आग लग गई।

घर के अंदर सो रहे परिवार के सदस्यों को जब मकान में आग लगने का पता चला तो वह सब अपनी जान बचाकर बाहर निकल आए। बाहर निकल कर देखा तो पूरे मकान में आग की लपटें उठी हुई थी। जिसके बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई और ग्रामीण भी मौके पर एकत्रित हो गए। ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर बाल्टियों से पानी ढोकर आग पर काबू पाने का प्रयास किया परंतु तब तक काफी देर हो चुकी थी और मकान के 8 कमरों सहित रसोई घर जलकर राख हो गया।

अग्निकांड की इस घटना में घर सहित अंदर रखा सारा सामान जलकर राख हो गया है जिससे पीड़ित परिवार के पास तन पर पहने कपड़ों के सिवाय कुछ नहीं बचा है। एसडीएम पधर संजीत सिंह ने पुष्टि करते हुए बताया कि घर में आग लगने से पीड़ित परिवार को भारी नुक्सान हुआ है जिसका मुआवजा उन्हें दिया जाएगा।

Tags: