हिमाचल में भीषण अग्निकांड- दो घरों में आग लगने से लाखों की संपत्ति जलकर स्वाहा
HNN/ चंबा
चंबा स्थित होली तहसील के गांव झडौता में भीषण अग्निकांड हुआ है जिसमें दो मकान जलकर राख हो गए। यह मकान दो सगे भाइयों बलविंद्र कुमार और विनोद कुमार के थे जिसमें गुरुवार शाम को अचानक ही आग लग गई। लोगों ने जब घर में आग लगती देखी तो वह मौके की ओर भागे। इस दौरान अग्निशमन विभाग को भी सूचित किया गया।
सूचना मिलने के बाद अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची तथा लोगों की सहायता से आग पर काबू पाने का प्रयास किया गया। परंतु आग की लपटें इतनी तेज थी कि पूरे मकान को अपनी चपेट में ले लिया जिससे देखते ही देखते मकान जलकर राख हो गया।
आगजनी की इस घटना में मकान सहित घर के अंदर रखा सारा सामान जलकर राख हो गया है जिससे 32 लाख का नुक्सान हुआ है। बताया जा रहा है कि प्रभावित बलविंद्र कुमार और विनोद कुमार सर्दियों में कांगड़ा चले गए हैं जबकि, उनके पीछे उनके भाई किशोरी लाल, चतरो, धनु, बिल्लू, संजय और सुरेंद्र कुमार मकान में रहते हैं।