हिमाचल में भीषण अग्निकांड, तीन परिवारों के 3 मकान जलकर राख
HNN/ हमीरपुर
जिला हमीरपुर के बड़सर उपमंडल के तहत चकमोह गांव में तीन परिवारों के 3 मकान जलकर राख हो गए। इस अग्निकांड में पीड़ित परिवारों का लाखों रुपए का नुकसान हुआ है। हालाँकि आग किन कारणों से लगी थी इसका खुलासा अभी तक नहीं हो पाया है। वहीं सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की टीम भी मौके पर पहुँच गई थी।
जानकारी के मुताबिक, चकमोह निवासी राज कुमार, ज्ञान चंद और ठाकुर दास के मकान में अचानक ही चिंगारी सुलग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और सभी मकानों को अपनी चपेट में ले लिया। आग लगने की भनक मिलते ही स्थानीय ग्रामीणों ने राहत और बचाव कार्य शुरू किया। लेकिन आग इतनी भयंकर थी कि इस पर काबू पाना मुश्किल था।
वहीं सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाना शुरू किया। बता दें तीन परिवारों के मकान जले हैं उनमें से दो बेहद गरीब परिवार हैं जो की बीपीएल श्रेणी में आते हैं, जबकि एक परिवार का मुखिया चकमोह बाजार में सब्जी की दुकान करता है।